गंदे पानी की शिकायतों पर फील्ड पर उतरे नगर निगम कमिश्नर
नगर निगम कमिश्नर डॉ. सौरभ सोनवणे ने वार्ड 16 और अन्य प्रभावित इलाकों का दौरा कर नल के पानी के सैंपल लिए, पाइपलाइन की जांच की और अधिकारियों को नई पाइपलाइन बिछाने व लीकेज सुधारने के निर्देश दिए।
शहर में गंदे और खराब पानी की लगातार मिल रही शिकायतों को सीरियस से लेते हुए नगर निगम कमिश्नर डॉ. सौरभ सोनवणे खुद फील्ड पर उतरे। उन्होंने अलग-अलग वार्डों का दौरा कर पानी की सप्लाई और पाइपलाइन की हालत देखी।
इस दौरान कमिश्नर वार्ड नंबर 16 आजाद नगर पहुंचे। वहां उन्होंने तीन घरों में जाकर नल के पानी के सैंपल खुद लिए और पानी की क्वालिटी जांची। साथ ही पाइपलाइन में लीकेज और गंदगी की वजहों को भी देखा।

कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां पुरानी पाइपलाइन नालियों के नीचे होने की वजह से बार-बार खराब हो रही है, वहां तुरंत नई पाइपलाइन डाली जाए। उन्होंने बताया कि वार्ड 11, 12, 16 और 26 से सबसे ज्यादा दूषित पानी की शिकायतें मिल रही हैं, इसलिए इन इलाकों में काम को प्राथमिकता दी जाए।
नई पाइपलाइन का काम शुरू
लीकेज सुधार और पाइपलाइन मरम्मत के लिए अलग से टीम लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि वार्ड 12 में नई पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया गया है, ताकि लोगों को साफ पानी मिल सके।
नगर निगम कमिश्नर ने साफ कहा कि गंदे पानी की किसी भी शिकायत को हल्के में न लिया जाए। जहां जरूरत हो वहां तुरंत नई पाइपलाइन बिछाई जाए और जहां काम पूरा हो चुका है वहां जल्द से जल्द पानी की सप्लाई शुरू की जाए।
निरीक्षण के समय वार्ड पार्षद श्री शालिकराम नापित कैप्टन, कार्यपालन यंत्री सिद्धार्थ सिंह, सहायक यंत्री एस.एन. द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Saba Rasool 
