डबरा भगदड़ हादसा: CM ने जताया शोक, मृतका के परिजन को ₹4 लाख और घायलों को ₹1-1 लाख मुआवजा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतक के परिजन को 4 लाख रुपए और गंभीर रूप से तीन घायलों को एक-एक लाख रुपए देने के निर्देश दिए, साथ ही घायलों का नि:शुल्क उपचार कराने की भी बात कही

डबरा भगदड़ हादसा: CM ने जताया शोक, मृतका के परिजन को ₹4 लाख और घायलों को ₹1-1 लाख मुआवजा

ग्वालियर। जिले के डबरा में मंगलवार को नवग्रह शक्तिपीठ की कलश यात्रा के दौरान भगदड़ मच गई थी। जिसमें एक महिला की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए। इस दुखद घटना पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया और मुआवजा का भी ऐलान किया। सोशल मीडिया X पर पोस्ट कर सीएम ने मृतका के परिजन को ₹4 लाख और गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को ₹1-1 लाख की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी घायलों के निःशुल्क इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

कलेक्टर ने लिया स्थिति का जायजा 

घटना की सूचना मिलते ही ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान एप्पल अस्पताल और जयारोग्य चिकित्सालय के ट्रॉमा सेंटर पहुंचीं। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और डॉक्टरों को प्राथमिकता से इलाज करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने डबरा पहुंचकर नवग्रह शक्ति पीठ पर आयोजित कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि आयोजक भीड़ का सही आकलन नहीं कर पाए। स्टेडियम की क्षमता से अधिक लोगों के पहुंचने और सीमित प्रवेश द्वार खुले होने के कारण हालात बेकाबू हो गए। प्रशासन और पुलिस की लापरवाही को भी हादसे का एक कारण माना जा रहा है।

जनिए कैसे फैली अफवाह और क्यों बेकाबू हुई भीड़?

डबरा स्थित नवनिर्मित नवग्रह शक्तिपीठ में प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम के तहत कलश यात्रा आयोजित की जानी थी। स्टेडियम की क्षमता करीब 15 हजार बताई जा रही है, जबकि 10.30 बजे लगभग 25 हजार महिलाएं पहुंच गईं।

चार प्रवेश द्वार होने के बावजूद तीन गेट बंद रखे गए थे। इसी बीच अफवाह फैली कि कलश वितरण शुरू हो गया है। गेट नंबर-1 पर भीड़ का दबाव बढ़ा और गेट खुलते ही भगदड़ मच गई।

हादसे में 70 वर्षीय रति बाई साहू की मौत हो गई। चार साल की बच्ची प्राची समेत आठ महिलाएं घायल हुई हैं। चार घायलों का इलाज डबरा अस्पताल में किया गया, जबकि तीन गंभीर घायलों को ग्वालियर रेफर किया गया।