Satna में रस्सी से पैर बांधकर कार से घसीटा, युवक की मौत
Satna Crime News: मवेशी चोरी के शक में 25 वर्षीय युवक की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर कार जब्त की है।
Satna Crime News: सतना जिले में मवेशी चोरी के शक में एक युवक की बेरहमी से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, हिस्ट्रीशीटर और उसके साथियों ने पिकअप सवार युवक को रोककर उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि युवक के पैर में रस्सी बांधकर उसे कार से काफी दूर तक घसीटा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दिया गया।मामले में सिंहपुर पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लाल रंग की कार भी बरामद की है। सोमवार को पुलिस ने तीनों आरोपियों का जुलूस निकाला और उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।
7 अगस्त को पिकअप से निकला था राजा
एसडीओपी नागौद रघु केसरी के मुताबिक, कुछ दिन पहले नागौद थाना क्षेत्र के सेमरवारा गांव में सड़क किनारे झाड़ियों में एक युवक का शव मिला था। उसकी पहचान राजा यादव, उम्र 25 वर्ष, के रूप में हुई।पुलिस जांच में पता चला कि राजा 7 अगस्त को पिकअप वाहन लेकर अपनी बहन के गांव कठमानू जा रहा था। इसी दौरान कठमानू मोड़ के पास लाल रंग की SUV में सवार कुछ लोग सड़क किनारे मौजूद थे।पुलिस के अनुसार, इन लोगों में हिस्ट्रीशीटर सन्नी उर्फ आकाश सिंह परिहार भी शामिल था। सन्नी ने पिकअप को रुकवाया और उसमें सवार राजा यादव, कमलेश रैकवार और सुरेंद्र साहू को नीचे उतार लिया।
भैंस चोरी का शक जताकर मारपीट
पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने तीनों पर भैंस चोरी करने का शक जताया और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान कमलेश रैकवार और सुरेंद्र साहू किसी तरह वहां से भाग निकले।आरोप है कि सन्नी ने राजा के साथ मारपीट जारी रखी और उसके पैर में रस्सी बांध दी। इसके बाद रस्सी को कार से बांधकर राजा को सड़क पर काफी दूर तक घसीटा गया। गंभीर चोट लगने के कारण राजा की मौत हो गई।पुलिस के मुताबिक, युवक की मौत के बाद आरोपियों ने शव को सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दिया।
सन्नी पर दर्ज हैं दो दर्जन से ज्यादा मामले
एसडीओपी के अनुसार, मुख्य आरोपी सन्नी उर्फ आकाश सिंह परिहार धौरहरा, थाना नागौद का रहने वाला है और वर्तमान में कुड़िया, थाना सिंहपुर में रह रहा था। उसके खिलाफ दो दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। उसके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई भी हो चुकी है।हत्या के बाद पुलिस टीम ने उसकी तलाश शुरू की। जांच के दौरान उसके पन्ना जिले के बृजपुर थाना क्षेत्र के इटमा खास गांव में छिपे होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
दो अन्य आरोपी भी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में सूरज उर्फ उत्कर्ष सिंह परिहार, निवासी अमिलिया थाना नागौद और संतोष कोल, निवासी कुड़िया थाना सिंहपुर को भी गिरफ्तार किया है।पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी सन्नी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई लाल रंग की लग्जरी कार MP-19-ZH-7426 बरामद की गई है।पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने राजा के साथ मारपीट करने और उसके पैर रस्सी से बांधकर कार से घसीटने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने आरोपियों का निकाला जुलूस
गिरफ्तारी के बाद सोमवार को सिंहपुर पुलिस ने तीनों आरोपियों का जुलूस निकाला। इसके बाद सभी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।मामले में सिंहपुर थाने में BNS की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस अब हत्या की पूरी घटनाक्रम और आरोपियों की भूमिका से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
Anubhav Dubey 
