Jabalpur जिला अस्पताल में MRI सेंटर शुरू, आयुष्मान कार्ड धारकों को मिलेगी मुफ्त सुविधा

जबलपुर के विक्टोरिया जिला अस्पताल में नए एमआरआई सेंटर का लोकार्पण हुआ. अब मरीजों को रियायती दरों पर एमआरआई जांच मिलेगी, जबकि आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए यह सुविधा निशुल्क होगी.

Jabalpur जिला अस्पताल में MRI सेंटर शुरू, आयुष्मान कार्ड धारकों को मिलेगी मुफ्त सुविधा

जबलपुर, 27 जुलाई 2026| जबलपुर के शासकीय सेठ गोविंददास जिला चिकित्सालय (विक्टोरिया अस्पताल) में नव निर्मित एमआरआई सेंटर का सोमवार को लोकार्पण किया गया. लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह और उत्तर-मध्य जबलपुर विधायक डॉ अभिलाष पाण्डेय ने फीता काटकर एमआरआई केंद्र का शुभारंभ किया.

एमआरआई सुविधा शुरू होने के साथ ही जबलपुर मध्यप्रदेश का चौथा जिला अस्पताल बन गया है, जहां मरीजों को जिला अस्पताल स्तर पर यह सुविधा उपलब्ध होगी. अब जरूरतमंद मरीजों को कम शुल्क पर एमआरआई जांच कराई जा सकेगी, जबकि आयुष्मान भारत योजना के पात्र कार्डधारकों को यह सुविधा पूरी तरह निशुल्क मिलेगी.

लोकार्पण समारोह में कैंट विधा यक अशोक रोहाणी, बरगी विधायक नीरज सिंह, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज और कलेक्टर राघवेंद्र सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे. कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसके बाद अतिथियों ने एमआरआई केंद्र का उद्घाटन कर इसे आम जनता को समर्पित किया.

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि जिला अस्पताल में एमआरआई जैसी आधुनिक सुविधा मिलना बड़ी उपलब्धि है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार विस्तार कर रही है, जिससे आम लोगों को सस्ती और सुलभ चिकित्सा सुविधाएं मिल रही हैं.

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक डॉ अभिलाष पाण्डेय ने बताया कि लगभग 7.5 करोड़ रुपये की लागत से यह एमआरआई मशीन कृष्णा डायग्नोस्टिक्स के सहयोग से स्थापित की गई है. उन्होंने कहा कि इससे जबलपुर और आसपास के क्षेत्रों के हजारों मरीजों को निजी अस्पतालों की तुलना में कम खर्च में जांच की सुविधा मिलेगी.

कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार ने पहले चरण में भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर के जिला अस्पतालों में एमआरआई सुविधा शुरू करने का निर्णय लिया है. उन्होंने कहा कि जबलपुर में यह जांच सीजीएचएस दरों से भी लगभग 33 प्रतिशत कम कीमत पर उपलब्ध होगी.

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ नवीन कोठारी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ विनीता उप्पल, वरिष्ठ मनोरोग विशेषज्ञ डॉ रत्नेश कुरारिया, डॉ जया श्रीवास्तव, डॉ नीता पाराशर, अस्पताल प्रबंधक अरुण शाह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे.