आकाश विजयवर्गीय के जन्मदिन पर लगे ‘मध्य प्रदेश के युवराज’ वाले पोस्टर, कांग्रेस ने बीजेपी पर साधा निशाना
‘मध्य प्रदेश का युवराज’ लिखे पोस्टरों से गरमाई इंदौर की सियासत, आकाश विजयवर्गीय के जन्मदिन पर लगे पोस्टरों को लेकर कांग्रेस ने राजशाही की राजनीति का लगाया आरोप
इंदौर में विधानसभा-3 के पूर्व बीजेपी विधायक आकाश विजयवर्गीय के जन्मदिन पर लगाए गए पोस्टर एक बार फिर सियासी चर्चा का विषय बन गए हैं। शहर में लगे इन पोस्टरों में समर्थकों ने आकाश विजयवर्गीय को ‘मध्य प्रदेश का युवराज’ बताया है। पोस्टरों को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए राजशाही जैसी राजनीति करने का आरोप लगाया है। हालांकि, खास बात यह है कि आकाश विजयवर्गीय ने खुद समर्थकों से जन्मदिन पर पोस्टर नहीं लगाने की अपील की थी।
पोस्टरों में बताया ‘मध्य प्रदेश का युवराज’
दरअसल, इंदौर में पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय के जन्मदिन के मौके पर शहर के अलग-अलग इलाकों में लगाए गए पोस्टरों ने राजनीतिक बहस छेड़ दी है। पोस्टरों में उन्हें ‘मध्य प्रदेश का युवराज’ बताते हुए जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गई हैं।
आकाश विजयवर्गीय के पिता और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय हैं। इसी वजह से इन पोस्टरों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
कांग्रेस ने बीजेपी पर साधा निशाना
पोस्टरों को लेकर इंदौर कांग्रेस सेवादल के शहर अध्यक्ष ने बीजेपी पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी लोकतंत्र में विश्वास नहीं करती, इसलिए मंत्री पुत्र को जन्मदिन पर प्रदेश का युवराज घोषित किया जा रहा है।
कांग्रेस नेता ने तंज कसते हुए कहा कि आकाश विजयवर्गीय अपने मुंह मियां मिट्ठू बन रहे हैं और समर्थकों के जरिए इस तरह के पोस्टर लगवाए जा रहे हैं। उन्होंने बीजेपी पर राजशाही जैसी सत्ता चलाने का आरोप भी लगाया।
पोस्टर नहीं लगाने की अपील के बावजूद लगे पोस्टर
हालांकि, आकाश विजयवर्गीय ने खुद समर्थकों से जन्मदिन पर पोस्टर नहीं लगाने की अपील की थी। इसके बावजूद शहर में बड़ी संख्या में ‘मध्य प्रदेश के युवराज’ लिखे पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों को लेकर इंदौर की सियासत गरमा गई है।
Varsha Shrivastava 
