मऊगंज में स्वदेशी जागरण मंच की हुंकार : स्टार लिंक पर रोक को लेकर राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
Mauganj News : ज्ञापन में कहा है कि जब तक Starlink कंपनी भारत सरकार की सभी सुरक्षा संबंधी शर्तों को पूरा नहीं करती, तब तक उसे व्यावसायिक सेवा शुरू करने की अनुमति न दी जाए।
स्वदेशी जागरण मंच जिला मऊगंज, महाकौशल प्रांत ने देश की सुरक्षा और डेटा संप्रभुता का हवाला देते हुए एलन मस्क की कंपनी स्टार लिंक की सैटेलाइट इंटरनेट सेवा को भारत में अनुमति न देने की मांग की है। मंच ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा है।

जिला संयोजक नर्मदा पयासी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि राष्ट्रीय सुरक्षा सर्वोपरि है। जब तक स्टार लिंक कंपनी भारत सरकार की सभी सुरक्षा, नियामकीय और डेटा संप्रभुता संबंधी शर्तों को पूर्ण रूप से पूरा नहीं करती, तब तक उसे व्यावसायिक सेवा शुरू करने की अनुमति न दी जाए।

मंच ने मांग की है कि भारतीय डेटा की सुरक्षा, कानूनी निगरानी और नियामकीय नियंत्रण सुनिश्चित हो, आपात स्थिति में सेवा को नियंत्रित या निलंबित करने की व्यवस्था हो, सीमावर्ती और संवेदनशील क्षेत्रों में उपकरणों के दुरुपयोग पर सख्त निगरानी रखी जाए तथा स्वदेशी सैटेलाइट तकनीक को प्राथमिकता दी जाए। ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री को भी प्रेषित की गई है। इस अवसर पर अवध बिहारी पाण्डेय, गया प्रसाद मिश्र, प्रभाकर मिश्र, महेन्द्र सिंह परिहार, प्रमोद विश्वकर्मा सहित मंच के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


