Maihar News : तीन दिन से लापता मजदूर का कुएं में मिला शव, गांव में फैली सनसनी
Maihar News : घर से करीब एक किलोमीटर दूर खेत के कुएं में तैरता मिला शव, गुमशुदगी दर्ज होने के अगले दिन पुलिस ने निकलवाया
Maihar News : मैहर। जिले के बदेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत अजवाइन गांव में तीन दिन से लापता एक मजदूर का शव मंगलवार दोपहर खेत के पास बने कुएं में तैरता मिला। मृतक की पहचान इंद्रपाल चौधरी उर्फ पुत्ती चौधरी (36), पिता रामदीन चौधरी, निवासी अजवाइन के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही बदेरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाकर मामले की जांच शुरू की।
24 अक्टूबर से लापता था युवक
जानकारी के अनुसार, इंद्रपाल चौधरी 24 अक्टूबर से लापता था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद सोमवार को परिजनों ने बदेरा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मंगलवार दोपहर घर से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में बने कुएं में ग्रामीणों ने शव तैरता देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कुएं से बाहर निकलवाया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इंद्रपाल गांव में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से परिजनों में शोक का माहौल है।
मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
बदेरा थाना प्रभारी सोनल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इंद्रपाल की मौत किन परिस्थितियों में हुई। जांच के बाद ही घटना के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

