जमीन से सोना मिलने का दिया झांसा, पीतल के बिस्किट थमाकर 3 लाख ठगे; 5 आरोपी गिरफ्तार

सस्ते सोने के नाम पर 3 लाख की ठगी का पर्दाफाश: मऊगंज पुलिस ने यूपी के 5 शातिर ठगों को दबोचा, 2.50 लाख नकद बरामद

जमीन से सोना मिलने का दिया झांसा, पीतल के बिस्किट थमाकर 3 लाख ठगे; 5 आरोपी गिरफ्तार

मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।

मऊगंज पुलिस ने जमीन की खुदाई में सोना मिलने का झांसा देकर भोले-भाले लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मिर्जापुर, उत्तर प्रदेश के 5 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम में से 2 लाख 50 हजार रुपये नकद और 12 नकली सोने के बिस्किट यानी पीतल के टुकड़े बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक मऊगंज सुरेन्द्र कुमार जैन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सारयाम और एसडीओपी मऊगंज सचि पाठक के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मऊगंज निरीक्षक राम सिंह पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।

कैसे दिया ठगी को अंजाम?

पुलिस के अनुसार फरियादी राहुल सिसोदिया, पिता रामकिशोर सिसोदिया, उम्र 32 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 04, देवेन्द्रनगर, थाना देवेन्द्रनगर, जिला पन्ना ने 4 सितंबर 2026 को थाना मऊगंज में शिकायत दर्ज कराई।

फरियादी ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले उसके पास अज्ञात नंबरों से फोन आए थे। फोन करने वालों ने खुद को मऊगंज का निवासी बताया और कहा कि जमीन की खुदाई के दौरान उन्हें 12 सोने के बिस्किट मिले हैं। आरोपियों ने इन बिस्किटों को बाजार भाव से काफी कम कीमत पर बेचने की बात कही।

सस्ते में सोना मिलने के लालच में आए फरियादी को आरोपियों ने 30 अगस्त 2026 को मऊगंज स्थित शर्मा कैफे के पास बुलाया। यहां आरोपी पप्पू उर्फ विक्रम बिंद और राजू उर्फ उमेश बिंद ने उसे सोने का एक छोटा सा सैंपल दिखाया। फरियादी ने जब उस सैंपल को सुनार से चेक कराया तो वह असली सोना निकला। इससे फरियादी का आरोपियों पर विश्वास और बढ़ गया। इसके बाद 100-100 ग्राम के 12 सोने के बिस्किटों का सौदा 5 लाख रुपये में तय हुआ। आरोपियों ने फरियादी से पूरा पैसा एक साथ लाने के लिए कहा।

तय कार्यक्रम के अनुसार 31 अगस्त 2026 को आरोपियों ने फरियादी को मऊगंज के बाबा ढाबा के पास पुलिया पर बुलाया। फरियादी अपने भाई निखिल सिसोदिया और दोस्त रोशन अली के साथ वहां पहुंचा। आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से सोने जैसे दिखने वाले पीतल के 12 टुकड़ों को कपड़े में लपेटकर फरियादी को दे दिया।

इसके बदले फरियादी ने मौके पर 3 लाख रुपये नकद दे दिए और बाकी 2 लाख रुपये बाद में देने की बात कही। जब फरियादी वापस देवेन्द्रनगर पहुंचा और सुनार से उन टुकड़ों की जांच कराई, तो पता चला कि वे सोने के नहीं बल्कि पीतल के थे। खुद के साथ ठगी होने का एहसास होने के बाद फरियादी सीधे मऊगंज थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने ऐसे बिछाया जाल

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। थाना प्रभारी राम सिंह पटेल ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस ने आरोपियों द्वारा बताए गए हुलिए और मोबाइल लोकेशन के आधार पर उनकी तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी और 5 आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस ने इन आरोपियों को किया गिरफ्तार

मऊगंज पुलिस ने मामले में विमल कुमार बिंद, पिता रवीन्द्र कुमार बिंद, निवासी ग्राम सेमरी बहुगुड़ा, थाना विंध्याचल, जिला मिर्जापुर; आकाश बिंद, पिता वेदमणि बिंद, निवासी ग्राम ददरा कला, थाना विंध्याचल, जिला मिर्जापुर, उत्तर प्रदेश; भगवानदास बिंद, पिता राजेन्द्र प्रसाद बिंद, निवासी ग्राम तेलियानी, थाना विंध्याचल, जिला मिर्जापुर; राजू उर्फ उमेश कुमार बिंद, पिता शिवाश्रय बिंद, निवासी ग्राम बरहटा जिगना, थाना जिगना, जिला मिर्जापुर और पप्पू उर्फ विक्रम कुमार बिंद, पिता रामजी बिंद, निवासी ग्राम बथेलाखुर्द जिगना, थाना जिगना, जिला मिर्जापुर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों के कब्जे से यह सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी के 2 लाख 50 हजार रुपये नकद, 12 नकली पीतल के बिस्किट और लोगों को दिखाने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला असली सोने का सैंपल जब्त किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई में थाना मऊगंज स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।