पैसे नहीं थे तो घंटों पड़ा रहा पत्नी का शव, मां के पास रोती रही 8 साल की मासूम

झांसी मेडिकल कॉलेज में पैसे न होने के कारण एक पति पत्नी का शव घर नहीं ले जा सका। घंटों एंबुलेंस का इंतजार करते पति और मां के शव के पास रोती 8 साल की बेटी की तस्वीर ने झकझोर दिया।

पैसे नहीं थे तो घंटों पड़ा रहा पत्नी का शव, मां के पास रोती रही 8 साल की मासूम

झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक गरीब पति अपनी पत्नी का शव स्ट्रेचर पर रखकर घंटों तक एंबुलेंस का इंतजार करता रहा। उसके पास शव को घर ले जाने के लिए पैसे नहीं थे। बारिश के बीच वह मदद की उम्मीद में मेडिकल कॉलेज की पार्किंग में बैठा रहा।

मां के शव के पास बैठकर रोती रही 8 साल की बेटी

इस दौरान मृत महिला की करीब 8 साल की बेटी अपनी मां के शव के पास बैठकर रोती रही। बच्ची की हालत देखकर वहां मौजूद लोगों का भी दिल दहल गया। बताया जा रहा है कि शव मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी के पास बनी पार्किंग में स्ट्रेचर पर रखा हुआ था।

पैसे नहीं थे, इसलिए घर नहीं ले जा पा रहा था शव

बताया गया कि महिला की मौत के बाद परिवार के पास शव को घर ले जाने के लिए निजी एंबुलेंस का किराया देने तक के पैसे नहीं थे। मजबूर पति बारिश के बीच घंटों तक एंबुलेंस मिलने का इंतजार करता रहा। परिवार की बेबसी का यह दृश्य मेडिकल कॉलेज की व्यवस्था और गरीब मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं पर भी सवाल खड़े करता है।

सिपाही की नजर पड़ी तो मिली मदद

काफी देर बाद एक सिपाही की नजर इस परिवार पर पड़ी। उसने स्थिति को समझने के बाद एंबुलेंस की व्यवस्था कराई। इसके बाद महिला के शव को एंबुलेंस से उसके घर भेजा गया।

झकझोर देने वाली तस्वीर बनी चर्चा का विषय

मेडिकल कॉलेज की पार्किंग में स्ट्रेचर पर पड़ा शव, उसके पास रोती मासूम बच्ची और परेशान पति की तस्वीर सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया है। घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा किया है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को अस्पताल से शव घर ले जाने के लिए कितनी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।