Xi Jinping India Visit : BRICS समिट में शामिल होंगे जिनपिंग, गलवान झड़प के बाद भारत में पहली द्विपक्षीय बैठक संभव

Xi Jinping India Visit : जिनपिंग BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। चीन के विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी है।

Xi Jinping India Visit : BRICS समिट में शामिल होंगे जिनपिंग, गलवान झड़प के बाद भारत में पहली द्विपक्षीय बैठक संभव

Xi Jinping India Visit : नई दिल्लीचीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भारत दौरे पर आएंगे। चीन के विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को इसकी पुष्टि की है। जिनपिंग नई दिल्ली में होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को होगा। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय बैठक होने की संभावना है। ऐसा हुआ तो गलवान हिंसा के बाद दोनों नेताओं की भारत में पहली औपचारिक द्विपक्षीय बातचीत होगी।

गलवान हिंसा के बाद बदले थे रिश्ते

जून 2020 में पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में भारत और चीन के सैनिकों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। इसमें 20 भारतीय सैनिक शहीद हुए थे। चीन ने बाद में अपने चार सैनिकों की मौत की जानकारी दी थी। इस घटना के बाद दोनों देशों के रिश्तों में तनाव बढ़ गया था। सीमा पर लंबे समय तक दोनों तरफ बड़ी संख्या में सैनिक तैनात रहे।

डोभाल और वांग यी के बीच हुई बातचीत

भारत और चीन के बीच हाल के महीनों में बातचीत बढ़ी है। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल 24 अगस्त को चीन पहुंचे थे। अगले दिन उन्होंने चीनी विदेश मंत्री वांग यी के साथ बैठक की। इसमें सीमा विवाद समेत दोनों देशों के संबंधों से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके बाद दोनों देशों के बीच संपर्क बढ़ने के संकेत मिले हैं।

सीमा के साथ व्यापार भी अहम मुद्दा

भारत की बातचीत में सीमा विवाद के अलावा व्यापार और आर्थिक संबंध भी महत्वपूर्ण हैं। भारत चीन के साथ अपने बड़े व्यापार घाटे को कम करना चाहता है। इसके साथ ही रेयर अर्थ मैगनेट और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट जैसे जरूरी सामान की सप्लाई को लेकर निर्भरता घटाने की कोशिश जारी है। ऐसे में दोनों नेताओं की संभावित बैठक में आर्थिक मुद्दे भी उठ सकते हैं।

6 साल में रिश्तों में आए कई बदलाव

2020 की गलवान झड़प के बाद दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों के बीच कई दौर की बातचीत हुई। अक्टूबर 2024 में रूस के कजान में मोदी और जिनपिंग की मुलाकात से पहले पूर्वी लद्दाख में पेट्रोलिंग को लेकर समझौता हुआ।

इसके बाद कैलाश मानसरोवर यात्रा (Kailash Mansarovar Yatra) फिर शुरू हुई। 2026 में चीनी निवेश नियमों में कुछ ढील के साथ कारोबार के स्तर पर भी सुधार के संकेत मिले। जून और जुलाई में दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारियों की बातचीत ने आगे की कूटनीतिक गतिविधियों का रास्ता बनाया।

भारत की अध्यक्षता में हो रहा BRICS सम्मेलन

इस साल BRICS की अध्यक्षता भारत कर रहा है। समूह में भारत, रूस, चीन, ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, ईरान, इथियोपिया, UAE और इंडोनेशिया समेत सदस्य देश शामिल हैं। भारत पूरे साल अलग-अलग शहरों में बैठकें और मंत्रीस्तरीय कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। भारत का फोकस ग्लोबल साउथ की आवाज मजबूत करने, आर्थिक सहयोग, ऊर्जा सुरक्षा, डिजिटल तकनीक, आतंकवाद से मुकाबले और मजबूत सप्लाई चेन पर है।