सागर जहरीली शराब कांड: बंडा में बुलडोजर एक्शन, आरोपियों के 5 ठिकानों पर कार्रवाई

CM डॉ. मोहन यादव के जीरो टॉलरेंस के निर्देश के बाद सख्त एक्शन: सागर में शराब माफियाओं की अवैध संपत्तियां जमींदोज़, बंडा में माफियाओं 5 ठिकानों पर चला बुलडोजर

सागर जहरीली शराब कांड: बंडा में बुलडोजर एक्शन, आरोपियों के 5 ठिकानों पर कार्रवाई

Sagar। जिले के बंडा में अवैध और जहरीली शराब के कारोबार से जुड़े आरोपियों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस के निर्देश के बाद प्रशासन और पुलिस ने शराब माफियाओं की अवैध संपत्तियों को निशाने पर लिया है। कार्रवाई के तहत 5 प्रमुख ठिकानों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है।

प्रशासन के मुताबिक, बंडा अवैध शराब मामले से जुड़े मुख्य आरोपियों मनीष लोधी, चंद्रभान राजपूत और आशीष साहू के अवैध मकानों और गोदामों पर कार्रवाई की जा रही है। इन संपत्तियों में अनाधिकृत निर्माण और शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। प्रशासन की टीम पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर के जरिए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर रही है।

अवैध शराब कारोबारियों को सख्त संदेश

इस कार्रवाई को अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ प्रशासन की बड़ी मुहिम के तौर पर देखा जा रहा है। अधिकारियों का स्पष्ट संदेश है कि अवैध शराब से जुड़ी गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनस्वास्थ्य और लोगों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले कारोबारियों और माफियाओं के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।

बंडा में चल रही इस कार्रवाई के दौरान प्रशासन द्वारा अवैध संपत्तियों और अतिक्रमण को चिन्हित कर उन्हें जमींदोज किया जा रहा है। जहरीली शराब मामले के बाद हुई इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है। प्रशासन का कहना है कि कानून के दायरे में रहकर अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।