मऊगंज के हनुमना को मिली विकास की नई सौगात: 8 करोड़ की लागत से बने नवनिर्मित तहसील भवन का हुआ लोकार्पण

नवीन तहसील भवन से हनुमना में बढ़ेंगी प्रशासनिक सुविधाएं, सांसद जनार्दन मिश्रा ने किया लोकार्पण, बोले- नवीन भवन से विकास की नई यात्रा प्रारंभ होगी, विधायक प्रदीप पटेल ने कहा- विकास के साथ जन सुविधाओं का विस्तार प्रमुख प्राथमिकता

मऊगंज के हनुमना को मिली विकास की नई सौगात: 8 करोड़ की लागत से बने नवनिर्मित तहसील भवन का हुआ लोकार्पण
मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।
मऊगंज जिले के हनुमना तहसील में प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 8 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित संयुक्त कार्यालय भवन का लोकार्पण किया गया। लोकार्पण समारोह में सांसद जनार्दन मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल ने की।

नवीन भवन में तहसील से संबंधित विभिन्न कार्यालयों तथा अधिकारियों और कर्मचारियों के बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है। इससे आमजन को एक ही स्थान पर बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

मऊगंज के विकास की नई यात्रा की शुरुआत : सांसद

मुख्य अतिथि सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा कि 8 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित यह भवन क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि मऊगंज में लगभग 50 करोड़ रुपए की लागत से कलेक्ट्रेट भवन का निर्माण हो रहा है। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के भवनों का निर्माण भी प्रगति पर है।

उन्होंने कहा कि ये निर्माण कार्य मऊगंज के जिला बनने के बाद विकास की नई यात्रा की शुरुआत के प्रतीक हैं। सांसद ने कहा कि मऊगंज जिले की मांग लंबे समय से चली आ रही थी और जिले के गठन के बाद अब इसे व्यवस्थित रूप से विकसित करने के लिए जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और आमजन के सहयोग की आवश्यकता है।

उन्होंने सभी से आग्रह किया कि छोटे-छोटे विवादों में उलझने के बजाय जिले के विकास में सकारात्मक सहयोग करें। ऐसा कोई कार्य नहीं होना चाहिए, जिससे मऊगंज के संबंध में नकारात्मक धारणा बने, क्योंकि सकारात्मक वातावरण ही जिले की प्रगति को गति देगा।

रीवा-मिर्जापुर रेलवे लाइन के सर्वे का काम पूरा

सांसद जनार्दन मिश्रा ने बताया कि रीवा से मिर्जापुर रेलवे लाइन के लिए सर्वे का कार्य पूरा हो चुका है। मऊगंज क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए लगभग 5 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाओं को मंजूरी मिली है और कार्य प्रारंभ हो चुका है।

सांसद ने कहा कि जहां बाणसागर का पानी नहीं पहुंच पाया है, वहां माइक्रो इरिगेशन के माध्यम से गांव-गांव तक सिंचाई का पानी पहुंचाने का लक्ष्य है। भारत आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी को मिलकर योगदान देना होगा।

प्रशासनिक सुविधाओं में होगा विस्तार : विधायक

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल ने कहा कि नवनिर्मित संयुक्त कार्यालय भवन में अधिकारियों और कर्मचारियों के बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है। इससे आमजन को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए अलग-अलग स्थानों पर भटकना नहीं पड़ेगा और प्रशासनिक कार्यों में भी सुविधा होगी।

उन्होंने कहा कि मऊगंज जिले में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। मऊगंज में कलेक्ट्रेट भवन का निर्माण जारी है, जिसमें विभिन्न विभागों के कार्यालय संचालित होंगे। हनुमना महाविद्यालय के भवन का निर्माण भी किया जा रहा है।

पांच सीएम राइज स्कूल हो रहे विकसित

विधायक ने बताया कि जिले में पांच सीएम राइज स्कूल विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें दो विद्यालय भवनों का निर्माण पूरा हो चुका है। विद्यार्थियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्कूल बसों की व्यवस्था की गई है। साथ ही आधुनिक शिक्षा पद्धति के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर दिया जा रहा है।

विधायक प्रदीप पटेल ने कहा कि क्षेत्र में औद्योगिक विकास को भी गति मिल रही है। एमएसएमई के माध्यम से उद्योग स्थापित हो रहे हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए अस्पतालों का उन्नयन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय विद्यालय एवं नवोदय विद्यालय के लिए भूमि आवंटित की जा चुकी है। स्वीकृति प्राप्त होने के बाद इनके निर्माण कार्य प्रारंभ किए जाएंगे।

सामूहिक प्रयास से होगा मऊगंज का विकास

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल ने कहा कि मऊगंज जिले के समग्र विकास के लिए सभी को समन्वित होकर अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करना आवश्यक है। भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र मिश्रा ने कहा कि हनुमना में निर्मित यह महत्वपूर्ण भवन क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी सौगात है। उन्होंने विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मऊगंज जिला बनने के बाद चौमुखी विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मऊगंज को प्रदेश का अग्रणी जिला बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और आमजन के सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।

कार्यक्रम के दौरान नवीन तहसील भवन परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष हनुमना आशुतोष गुप्ता, कलेक्टर संजय कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन, संतोष सिंह सिसोदिया, अधिवक्ता संघ अध्यक्ष हरिहर प्रसाद शुक्ला, एसडीएम हनुमना राजेश मेहता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।