ठेले-गुमटियां हटाने पर सियासी घमासान: कांग्रेस पार्षद का प्रदर्शन; BJP ने की कार्रवाई की मांग
इंदौर के नेमावर रोड पर ठेले-गुमटियां हटाने की कार्रवाई पर सियासी घमासान। कांग्रेस पार्षद कुणाल सोलंकी ने प्रदर्शन किया, जबकि भाजपा नेता बबलू शर्मा ने सख्त कार्रवाई की मांग की।
इंदौर। शहर के नेमावर रोड पर ठेले और गुमटियां हटाने की नगर निगम की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस और भाजपा के पार्षद आमने-सामने आ गए हैं। शुक्रवार को रिमूवल टीम की कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस पार्षद कुणाल सोलंकी सड़क पर बैठ गए और ठेला चालकों के समर्थन में प्रदर्शन किया। वहीं, नगर निगम के एमआईसी सदस्य एवं जलकार्य समिति प्रभारी अभिषेक उर्फ बबलू शर्मा ने विरोध के तरीके पर सवाल उठाते हुए सरकारी काम में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
ठेला चालकों के समर्थन में सड़क पर बैठे कुणाल सोलंकी
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को नगर निगम की रिमूवल टीम ने नेमावर रोड पर ठेले और गुमटियां हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान वार्ड 75 के कांग्रेस पार्षद कुणाल सोलंकी ने विरोध जताते हुए रिमूवल वाहन के सामने बैठकर प्रदर्शन किया और जब्त किए गए ठेलों को वापस लौटाने की मांग की।
कुणाल सोलंकी का आरोप है कि निगम की टीम ने गलियों में कारोबार करने वाले ठेला चालकों के ठेले हटा दिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान ठेला चालकों की सब्जियां और सीताफल नीचे रख दिए गए। सोलंकी का कहना है कि सड़क के बीचों-बीच ठेले लगाकर यातायात बाधित करने वालों पर कार्रवाई की जा सकती है, लेकिन गलियों में किनारे बैठकर रोजी-रोटी कमाने वाले लोगों के साथ इस तरह की कार्रवाई उचित नहीं है।
हॉकर जोन बनाने की मांग का उठाया मुद्दा
कांग्रेस पार्षद कुणाल सोलंकी ने ठेला चालकों की समस्या के समाधान के लिए हॉकर जोन बनाने का मुद्दा भी उठाया। उनके मुताबिक, वर्ष 2022 में उन्होंने हॉकर जोन बनाने के संबंध में महापौर, निगम आयुक्त और अपर आयुक्त को पत्र लिखे थे। जनसुनवाई में आवेदन देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।

सोलंकी ने ठेला चालकों के पक्ष में सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने की बात भी कही। उनका कहना है कि ठेला चालकों के रोजगार को ध्यान में रखते हुए ऐसी व्यवस्था बनाई जानी चाहिए, जिससे यातायात भी प्रभावित न हो और गरीब परिवारों की रोजी-रोटी भी न छिने।
बबलू शर्मा बोले- विरोध का तरीका भी तय होना चाहिए
दूसरी ओर, भाजपा पार्षद और एमआईसी सदस्य अभिषेक उर्फ बबलू शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करना सभी का अधिकार है, लेकिन विरोध का तरीका भी तय होना चाहिए। उन्होंने सरकारी काम में बाधा डालने और नगर निगम की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
बबलू शर्मा के मुताबिक, नगर निगम ने बंगाली चौराहे के ब्रिज के नीचे और अन्नपूर्णा रोड पर हॉकर जोन बनाकर ठेला चालकों के व्यवस्थापन की व्यवस्था की है। ऐसे में उन्होंने निगम की कार्रवाई के दौरान नियमों का पालन करने और सरकारी काम में बाधा नहीं डालने की बात कही।

