Rahul Gandhi के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम पर नया मोड़, Congress ने प्रशासन को दिए 3 वैकल्पिक मैदान
Nehru Stadium की अनुमति नहीं मिली तो Congress ने सुझाए 3 मैदान, अब Collector के फैसले का इंतजार
इंदौर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को लेकर अनुमति का विवाद लगातार गहराता जा रहा है। नेहरू स्टेडियम की अनुमति नहीं मिलने के बाद अब शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर शिवम वर्मा से मिला। कांग्रेस ने कार्यक्रम के लिए तीन वैकल्पिक स्थानों का प्रस्ताव देते हुए जल्द अनुमति देने की मांग की है। वहीं कांग्रेस ने प्रशासन पर राजनीतिक दबाव में काम करने का आरोप भी लगाया है।

दरअसल, इंदौर में 19 सितंबर को प्रस्तावित राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने अब प्रशासन के सामने नया प्रस्ताव रखा है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर शिवम वर्मा से मिला और कार्यक्रम के लिए तीन वैकल्पिक मैदान सुझाए। कांग्रेस ने प्रशासन से रीजनल पार्क के सामने स्थित इंदौर विकास प्राधिकरण का मैदान, देवी अहिल्या विश्वविद्यालय परिसर का ग्राउंड और गवर्नमेंट आर्ट्स एंड कॉमर्स कॉलेज के पास स्थित मैदान में से किसी एक स्थान को कार्यक्रम के लिए आवंटित करने की मांग की।

चिंटू चौकसे, अध्यक्ष, शहर कांग्रेस कमेटी
इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने आरोप लगाया कि प्रशासन सत्ताधारी दल के दबाव में काम कर रहा है और राहुल गांधी के नाम से डरकर नेहरू स्टेडियम की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रशासन के सामने सभी व्यावहारिक विकल्प रख दिए हैं और उम्मीद है कि जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। कांग्रेस ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि इन तीनों स्थानों में से किसी एक की अनुमति दी जाती है तो वहीं कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं कांग्रेस का कहना है कि प्रशासन को छात्रों और लोकतांत्रिक कार्यक्रमों के प्रति सकारात्मक रवैया अपनाना चाहिए। अब इस पूरे मामले में प्रशासन के अंतिम फैसले पर सभी की नजरें टिकी हैं।
Varsha Shrivastava 
