इंदौर के आजाद नगर में पानी के हाइड्रेंट को लेकर BJP के दो गुटों में भिड़ंत, जमकर हुई मारपीट

हाइड्रेंट से पानी भरने को लेकर विवाद बढ़ा, इंदौर में पार्षद और कार्यकर्ता पक्ष आमने-सामने

इंदौर के आजाद नगर में पानी के हाइड्रेंट को लेकर BJP के दो गुटों में भिड़ंत, जमकर हुई मारपीट

इंदौर। आजाद नगर थाना क्षेत्र में पानी के हाइड्रेंट से ड्रम भरने को लेकर मंगलवार रात बीजेपी के ही दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिसमें कुछ लोग घायल हो गए और एक वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया। घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में आजाद नगर थाने पहुंचे और दोनों ही पक्षों ने शिकायत दर्ज करवाई है। 

दरअसल, आजाद नगर के रहवासियों के मुताबिक क्षेत्र के एक नेता के द्वारा हाइड्रेंट पर कब्जा कर पानी बेचा जा रहा था। इसी दौरान भाजपा से जुड़े केशव मीणा और कुछ लोग अपने ड्रम लेकर पानी भरने के लिए वहां पहुंचे थे। आरोप है कि पानी भरने से रोकने को लेकर पार्षद मलखान कटारिया और केशव के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई।

विवाद के दौरान बिजली का कटआउट निकालकर सप्लाई भी बंद कर दी गई। इस दौरान पार्षद के बेटे किशु और उसके समर्थकों ने दूसरे पक्ष के लोगों के साथ हाथापाई की तथा एक ऑटो रिक्शा में भी तोड़फोड़ की गई।

घटना में एक युवक के सिर में चोट लगने की बात सामने आई है। मारपीट के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे। घायल युवक को मेडिकल के लिए भेजा गया। इस दौरान एक पक्ष ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

भीड़ को नियंत्रित करने और स्थिति सामान्य करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। देर रात तक मामले में एफआईआर दर्ज होने की प्रक्रिया जारी रही, वहीं सुबह पुलिस ने दोनों ही पक्षों की और से मामला कायम कर लिया है और जांच की जा रही है।