सिंगरौली में ओवरलोड माफिया पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, 4 वाहन और एक डोजर जब्त
सिंगरौली में ओवरलोडिंग और अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. नो टॉलरेंस अभियान के तहत 4 वाहन और एक डोजर जब्त किए गए हैं. परिवहन विभाग ने अब तक 12.80 लाख रुपये का राजस्व भी वसूला है.
सिंगरौली। जिले में ओवरलोडिंग और अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है. कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश पर परिवहन विभाग ने ‘नो टॉलरेंस’ अभियान के तहत ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए चार वाहनों और एक डोजर को जब्त किया है. साथ ही अब तक 12.80 लाख का राजस्व भी वसूला गया है.
फ्लाई ऐश और रेत से भरे वाहनों पर कार्रवाई
परिवहन विभाग द्वारा चौकी बंधौरा के तीनगुड़ी क्षेत्र और चौकी सासन इलाके में सघन जांच अभियान चलाया गया. जांच के दौरान फ्लाई ऐश और रेत का ओवरलोड परिवहन करने वाले वाहनों को पकड़ा गया. इसके अलावा कई वाहन बिना तिरपाल के खुले में सामग्री ढोते पाए गए, जिससे प्रदूषण फैलने की आशंका थी. कार्रवाई के दौरान कुल चार वाहनों और एक डोजर को जब्त कर आरटीओ कार्यालय परिसर में खड़ा कराया गया है.
दस्तावेजों की भी हो रही जांच
अधिकारियों के मुताबिक, जब्त किए गए वाहनों के प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC), बीमा, परमिट और अन्य जरूरी दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है. जांच में कई तरह की अनियमितताएं सामने आई हैं.
12.80 लाख रुपये का राजस्व वसूला
परिवहन विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अब तक करीब 12 लाख 80 हजार रुपये का राजस्व भी वसूला है. विभाग का कहना है कि अभियान के दौरान नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी.
जिलेभर में जारी रहेगा अभियान
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह राठौर ने बताया कि सड़क सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और वैध परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार चलाया जाएगा. उन्होंने साफ कहा कि ओवरलोडिंग, बिना तिरपाल परिवहन और प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ किसी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी.
इन क्षेत्रों में हुई कार्रवाई
परिवहन विभाग की टीम ने परसौना, विंध्यनगर, झींगुरदा, बंधौरा और सासन क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाकर कार्रवाई की है. प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे.
shivendra 
