राजगढ़ में धंसा कुआं कांग्रेस नेता की मां-पत्नी दबीं
राजगढ़ में धंसा कुआं कांग्रेस नेता की मां-पत्नी दबीं एक महिला को निकाला गया, दूसरी तक पहुंचने के लिए रेस्क्यू 4 JCB से खुदाई
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर क्षेत्र के बामन गांव में 17 जून को दोपहर करीब 1 बजे निर्माणाधीन कुआं अचानक धंस गया। हादसे में कांग्रेस नेता और जनपद सदस्य की मां और पत्नी मिट्टी में दब गईं। रेस्क्यू टीम ने एक महिला को मलबे से बाहर निकाला है, जबकि दूसरी महिला की तलाश जारी है।
हादसे के वक्त सास रूपा (60) और बहू पिंकी (30) वहीं थीं और कुएं में समा गईं। ऊपर से मिट्टी गिरने से कुआं लगभग पूरी तरह भर गया। रूपा जनपद सदस्य की मां और पिंकी उनकी पत्नी हैं। 50 अधिक लोगों की टीम रेस्क्यू कर रही है।
कुएं के चारों ओर की जमीन गीली की गई थी
कांग्रेस नेता और जनपद सदस्य मुकेश कोट (डांगी) अपने खेत में पुराने कुएं का पुनर्निर्माण करा रहे थे। खुदाई के बाद कुएं की बाउंड्री आरसीसी से बनाई गई थी। मंगलवार को निर्माण कार्य पूरा हो गया था। आरसीसी को मजबूत करने के लिए कुएं के चारों ओर की जमीन गीली की गई थी। बाउंड्री में लोहे की सेंट्रिंग लगी थी।
कुएं को देखने पहुंचीं मां और पत्नी
मुकेश कोट की मां रूपा बाई और पत्नी पिंकी बाई खेत में निर्माणाधीन कुएं को देखने पहुंचीं। कुएं के पास आरसीसी कार्य की बची गिट्टी रखी थी। गिट्टी बिखरी देखकर रूपा बाई उसे व्यवस्थित करने लगीं। उन्हें देखकर पिंकी बाई भी मदद के लिए आगे आईं। इसी दौरान कुएं के आसपास की मिट्टी अचानक धंस गई। दोनों महिलाएं संभल नहीं सकीं और धंसती मिट्टी के साथ करीब 25 फीट गहरे कुएं में जा गिरीं। कुछ ही पलों में कुआं और आसपास का हिस्सा मिट्टी से भर गया।
एक महिला को मलबे से बाहर निकाला गया
रेस्क्यू अभियान के बीच एक महिला को मलबे से बाहर निकाल लिया गया है। वहीं दूसरी महिला अभी भी कुएं के मलबे में फंसी हुई है, जिसे बाहर निकालने के लिए बचाव दल लगातार प्रयास कर रहा है। दूसरी महिला तक पहुंचने के लिए मलबा हटाने का काम जारी है।
विधायक हजारी लाल भी मौके पर पहुंचे
हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक हजारी लाल डांगी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। वे मौके पर मौजूद अधिकारियों से मोबाइल पर लगातार संपर्क कर जानकारी ले रहे हैं। रेस्क्यू में तेजी लाने के लिए आवश्यक निर्देश दे रहे हैं।
4 जेसीबी और पोकलेन से रेस्क्यू, 50 से अधिक लोगों की टीम मौके पर
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक बजे चार जेसीबी मशीनों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। शाम चार बजे तक करीब आठ फीट मिट्टी हटाई जा चुकी थी। बचाव अभियान में 50 से अधिक लोगों की टीम जुटी हुई है। कुएं की गहराई और भारी मात्रा में धंसी मिट्टी को देखते हुए शाम करीब चार बजे एक पोकलेन मशीन मौके पर बुलाई गई, जिससे मिट्टी हटाने का काम तेज किया जा रहा है। रेस्क्यू अभियान को और गति देने के लिए दो अतिरिक्त पोकलेन मशीनें भी मंगाई गई हैं। सुरक्षा के मद्देनजर कुएं के आसपास बैरिकेडिंग कर दी गई है और पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
कुएं की मिट्टी अचानक धंसी 25 फीट की गहराई में समा गए
अचानक कुएं के आसपास की मिट्टी धंस गई। घटनाक्रम इतना अचानक हुआ कि दोनों महिलाएं संभल नहीं सकीं और धंसती मिट्टी के साथ करीब 25 फीट गहरे कुएं में जा गिरीं। कुछ ही पलों में कुआं और उसके आसपास का हिस्सा मिट्टी से भर गया। हादसा इतना भीषण था कि कुएं के आसपास करीब 40 फीट क्षेत्र में बड़ा गड्ढा बन गया। पूरा कुआं मिट्टी से भर गया। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे। अपने स्तर पर मिट्टी हटाने का प्रयास किया, लेकिन लगातार मिट्टी खिसकने के कारण उन्हें पीछे हटना पड़ा।

