मोबाइल चोरी का शक: 8 साल के बच्चे को निर्वस्त्र कर पीटा, हाथ-पैर बांधकर टॉर्चर का आरोप
पिता का आरोप- बच्चे को करंट लगाया, नाखून तक उखाड़े; दुकान के अंदर पिटाई का वीडियो वायरल
सतना। जिले के चित्रकूट स्थित पर्यटन स्थल गुप्त गोदावरी में मोबाइल चोरी के शक में एक 8 साल के नाबालिग को निर्वस्त्र कर बंधक बनाने और बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया। पीड़ित के पिता की शिकायत पर चित्रकूट थाने में 3 सितंबर को ही मामला दर्ज किया जा चुका है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
मोबाइल चोरी के शक में दुकान के अंदर ले गए
जानकारी के मुताबिक, गुप्त गोदावरी में राजेश पटेल की मोबाइल की दुकान है। आरोप है कि मोबाइल चोरी के शक में राजेश पटेल और दो अन्य लोग नाबालिग को दुकान के अंदर ले गए। यहां बच्चे के कपड़े उतारकर उसके हाथ-पैर बांध दिए गए और उसकी पिटाई की गई।
पीड़ित के पिता का आरोप है कि घटना की जानकारी मिलने पर वे दुकान पर पहुंचे। उन्होंने वीडियो बनाते हुए शटर उठाकर अंदर प्रवेश किया। इसी दौरान आरोपियों ने उनका मोबाइल छीन लिया। पिता का यह भी आरोप है कि बच्चे को करंट लगाकर टॉर्चर किया गया और उसके पैरों के नाखून तक उखाड़े गए। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें नाबालिग के साथ मारपीट किए जाने का दावा किया जा रहा है।
12 दिन पुरानी घटना, अब वायरल हुआ वीडियो
पुलिस के मुताबिक, घटना करीब 12 दिन पुरानी है। पीड़ित के पिता की तहरीर पर 3 सितंबर को चित्रकूट थाने में मामला दर्ज किया गया था। मंगलवार को घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।
चित्रकूट SDOP राजेश सिंह बंजारे ने बताया कि पिता की शिकायत पर 3 सितंबर को आरोपी राजेश पटेल पिता भैरमदीन पटेल, रिंकू पटेल पिता हीरालाल पटेल और शिवाकांत पटेल पिता स्वर्गीय कमलेश पटेल, निवासी ग्राम टेढ़ी, थाना नयागांव के खिलाफ अपराध क्रमांक 325/26 के तहत BNS की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
Varsha Shrivastava 
