Richest Indians List : अंबानी- अडानी की संपत्ति घटी फिर भी रैंकिंग बरकरार, Savitri Jindal की बड़ी छलांग
Richest Indians List : फॉर्च्यून इंडिया की सूची में शामिल 56 अमीरों की संपत्ति बढ़ी है। वहीं 31 कारोबारियों की संपत्ति घटी है। इस बार 13 नए नाम भी टॉप-100 में शामिल हुए हैं।
Richest Indians List : बिजनेस डेस्क। देश के दो सबसे बड़े अमीरों मुकेश अंबानी और गौतम अडानी की संपत्ति में पिछले एक साल में बड़ी कमी आई है। फॉर्च्यून इंडिया की नई टॉप-100 अरबपतियों की लिस्ट के मुताबिक, दोनों की कुल संपत्ति करीब 1.41 लाख करोड़ रुपये घट गई। इसके बावजूद दोनों अपनी रैंकिंग बचाने में कामयाब रहे। मुकेश अंबानी पहले और गौतम अडानी दूसरे स्थान पर हैं। वहीं सावित्री जिंदल ने बड़ी छलांग लगाते हुए टॉप 3 में जगह बनाई हैं।
मुकेश अंबानी की संपत्ति 82 हजार करोड़ घटी
मुकेश अंबानी की संपत्ति 2025 में करीब 9.49 लाख करोड़ रुपये थी। 2026 में यह घटकर 8.67 लाख करोड़ रुपये रह गई। यानी उनकी संपत्ति में करीब 8.64 फीसदी की कमी हुई। रुपये में देखें तो यह गिरावट करीब 82 हजार करोड़ रुपये की है। इसके बावजूद वे देश के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं।
अडानी की दौलत में भी आई कमी
गौतम अडानी की संपत्ति 2025 में करीब 9.11 लाख करोड़ रुपये थी। 2026 में यह घटकर 8.52 लाख करोड़ रुपये रह गई। उनकी संपत्ति में करीब 6.47 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई। यह कमी लगभग 59 हजार करोड़ रुपये की है। अंबानी और अडानी की संपत्ति में आई गिरावट मिलाकर करीब 1.41 लाख करोड़ रुपये बैठती है।
56 अरबपतियों की संपत्ति बढ़ी
फॉर्च्यून इंडिया की सूची में शामिल 56 अमीरों की संपत्ति बढ़ी है। इनकी कुल संपत्ति में करीब 7.70 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ। वहीं 31 कारोबारियों की संपत्ति घटी है। इस बार 13 नए नाम भी टॉप-100 में शामिल हुए हैं। इससे भारतीय कारोबारी जगत में नए धनकुबेरों के उभरने का संकेत मिलता है।
सावित्री जिंदल बनीं बड़ी फायदे वाली अमीर
सावित्री जिंदल इस बार सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। उनकी संपत्ति 2025 के 2.88 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 2026 में 3.92 लाख करोड़ रुपये हो गई। इसमें करीब 36.25 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। रुपये के हिसाब से उनकी संपत्ति करीब एक लाख करोड़ रुपये बढ़ी है। पूरी लिस्ट में यह सबसे बड़ी बढ़ोतरी मानी जा रही है। इसी वजह से उनका नाम इस बार सुर्खियों में हैं।
भारती बंधुओं की संपत्ति सबसे तेजी से बढ़ी
प्रतिशत के आधार पर श्याम भारती और हरि भारती की संपत्ति में सबसे तेज बढ़ोतरी हुई। दोनों 42वें स्थान पर हैं। उनकी संपत्ति 2025 में 31 हजार करोड़ रुपये थी। 2026 में यह बढ़कर 56 हजार करोड़ रुपये हो गई। यानी उनकी संपत्ति करीब 78.8 फीसदी बढ़ी।
रुंगटा बंधुओं की पहली एंट्री
माइनिंग कंपनी रुंगटामाइंस से जुड़े नंदलाल रुंगटा और मुकुंद रुंगटा पहली बार टॉप-100 में शामिल हुए हैं। दोनों 61वें स्थान पर हैं। 2026 में उनकी कुल संपत्ति करीब 40 हजार करोड़ रुपये दर्ज की गई। माइनिंग कारोबार से जुड़े इस परिवार की एंट्री सूची की अहम खबरों में शामिल है।
टॉप-12 में कौन-कौन शामिल
चौथे स्थान पर शापूर मिस्त्री और परिवार हैं। उनकी संपत्ति करीब 3.25 लाख करोड़ रुपये है। पांचवें स्थान पर सुनील मित्तल और परिवार हैं, जिनकी संपत्ति करीब 2.84 लाख करोड़ रुपये है। छठे स्थान पर दिलीप संघवी और परिवार हैं। उनकी संपत्ति करीब 2.56 लाख करोड़ रुपये है।
इसके बाद रोशनी नाडर मल्होत्रा, साइरस पूनावाला, कुमार मंगलम बिड़ला, अजीम प्रेमजी, शेखर बजाज और परिवार तथा राधाकिशन दमानी का नाम आता है। इस सूची से भारत में संपत्ति और कारोबारी ताकत के बदलते समीकरण की तस्वीर सामने आती है।

