कॉन्स्टेबल पत्नी ने गाड़ी, 2 लाख कैश और आईफोन उड़ाए! गर्लफ्रेंड के साथ पकड़ाए रेंजर ने थाने में की शिकायत

सतना में वन परिक्षेत्र अधिकारी ने अपनी पत्नी के खिलाफ चोरी की शिकायत दर्ज कराई। इससे पहले कॉन्स्टेबल पत्नी ने रेंजर पति को रीवा के एक होटल में युवती के साथ पकड़ा था।

कॉन्स्टेबल पत्नी ने गाड़ी, 2 लाख कैश और आईफोन उड़ाए! गर्लफ्रेंड के साथ पकड़ाए रेंजर ने थाने में की शिकायत

सतना। जिले के बरौंधा थाना क्षेत्र में वन परिक्षेत्र अधिकारी बृजेन्द्र कुमार पाण्डेय ने अपनी पत्नी भारती उपाध्याय और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ चोरी की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि 16 जून 2026 की रात जब बृजेन्द्र सरकारी आवास पर आराम कर रहे थे, तभी भारती दो अजनबियों के साथ पहुंची और परिसर में खड़ी महिंद्रा XUV 3XO गाड़ी (MP13ZU6331), अलमारी से 2 लाख रुपये नकद और आईफोन निकालकर ले गईं। दोनों पति-पत्नी के बीच गहरा विवाद चल रहा था और 2025 से रीवा फैमिली कोर्ट में तलाक की कार्यवाही लंबित है। बरोंधा पुलिस ने रेंजर की शिकायत पर तुरंत जांच शुरू कर दी है।

होटल में युवती के साथ पकड़े गए थे रेंजर

रीवा के एक होटल में सतना जिले के बरौंधा सर्किल में पदस्थ वन परिक्षेत्र अधिकारी (रेंजर) बृजेंद्र पाण्डेय को उनकी कॉन्स्टेबल पत्नी ने एक युवती के साथ पकड़ लिया। घटना के बाद होटल परिसर से लेकर सड़क तक जमकर हंगामा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद बढ़ने पर रेंजर युवती के साथ डंपर में बैठकर वहां से निकल गया।

जानकारी के अनुसार, पत्नी को सूचना मिली थी कि उनके पति रीवा के होटल रॉयल इन में ठहरे हुए हैं। इसके बाद वह सीधे होटल पहुंचीं और संबंधित कमरे तक पहुंच गईं। दरवाजा खुलने पर उन्होंने पति से कमरे में किसी अन्य व्यक्ति के होने के बारे में पूछा। रेंजर ने इनकार किया, लेकिन पत्नी कमरे के भीतर पहुंचीं तो वहां एक युवती मौजूद मिली।

पत्नी का हंगामा, रेंजर और युवती के खिलाफ FIR

इसके बाद पत्नी युवती को कमरे से बाहर लेकर आईं और दोनों के संबंधों को लेकर सवाल-जवाब करने लगीं। होटल परिसर में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई, जिससे लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम के वीडियो बनाए, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर रेंजर और युवती होटल से निकलकर एक डंपर में बैठ गए और वहां से चले गए। वहीं पत्नी काफी देर तक होटल परिसर में हंगामा करती रहीं।

इस मामले में अब कानूनी कार्रवाई भी शुरू हो गई है। रीवा के चोरहटा थाना में रेंजर बृजेंद्र पाण्डेय और उनकी महिला मित्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। हालांकि, पुलिस ने अभी एफआईआर की धाराओं और शिकायत के बिंदुओं की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं दी है।