शिक्षक भर्ती के बाद अब SI-सूबेदार मेंस एग्जाम भी स्थगित: CGPSC ने नई तारीख नहीं की घोषित
छत्तीसगढ़ में SI-सूबेदार भर्ती की मुख्य परीक्षा फिर टली, 7,301 अभ्यर्थियों को नई तारीख का इंतजार।
CGPSC Recruitment Exam Update : छत्तीसगढ़ में भर्ती परीक्षाओं को लेकर अभ्यर्थियों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। शिक्षक भर्ती परीक्षा के बाद अब सूबेदार, उप निरीक्षक (SI) और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2024 की मुख्य परीक्षा भी स्थगित कर दी गई है। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने मंगलवार को इस संबंध में सूचना जारी की। परीक्षा में शामिल होने के लिए 7,301 अभ्यर्थी चयनित हुए थे, लेकिन अब उन्हें नई तारीखों की घोषणा का इंतजार करना होगा।

आयोग ने परीक्षा टालने के पीछे अपरिहार्य कारणों का उल्लेख किया है। हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि परीक्षा स्थगित करने का निर्णय किन परिस्थितियों में लिया गया। नई तारीखों को लेकर भी कोई जानकारी नहीं दी गई है।
परीक्षा अनिश्चितकाल के लिए टली
SI-सूबेदार भर्ती की मुख्य परीक्षा पहले 24, 25 और 26 अक्टूबर को प्रस्तावित थी। इसके बाद शिक्षक भर्ती परीक्षा की तारीख से टकराव के चलते मुख्य परीक्षा का कार्यक्रम बदलकर 2, 3 और 4 नवंबर कर दिया गया। अब आयोग ने इस संशोधित कार्यक्रम को भी स्थगित कर दिया है। लगातार बदलते परीक्षा कार्यक्रम के कारण अभ्यर्थियों की तैयारी और आगे की योजना प्रभावित हो सकती है। फिलहाल आयोग की ओर से नई समय-सारणी जारी होने का इंतजार है।
शिक्षक भर्ती और CGPSC-2025 की परीक्षा पर भी लग चुकी है रोक
छत्तीसगढ़ में भर्ती परीक्षाओं को लेकर इससे पहले भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। 10 अक्टूबर को शिक्षक भर्ती परीक्षा और CGPSC-2025 की परीक्षा पर रोक लगने का मामला सामने आया था। शिक्षक भर्ती के संबंध में हाईकोर्ट में याचिका दायर होने के बाद परीक्षा पर रोक लगाने का आदेश जारी किया गया था।
इस घटनाक्रम के बाद बिलासपुर में नाराज अभ्यर्थियों ने कैंडल मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया था। अब SI-सूबेदार भर्ती की मुख्य परीक्षा स्थगित होने से अभ्यर्थियों की चिंता और बढ़ गई है।
341 पदों के लिए हुई थी भर्ती प्रक्रिया
CGPSC ने सूबेदार, उप निरीक्षक और प्लाटून कमांडर के कुल 341 पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा आयोजित की थी। प्रारंभिक परीक्षा 12 जुलाई 2026 को छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों में कराई गई थी। इसके लिए प्रदेशभर में 183 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
आयोग ने 4 अगस्त 2026 को प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी किया था। इसमें कुल 7,301 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए और उन्हें मुख्य परीक्षा में शामिल होना था। अब मुख्य परीक्षा स्थगित होने के बाद इन सभी उम्मीदवारों को नए कार्यक्रम का इंतजार है।
प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम को लेकर भी हुआ था विवाद
इस भर्ती प्रक्रिया का प्रारंभिक परिणाम जारी होने के बाद चयन सूची में दर्ज कुछ नामों को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। सोशल मीडिया पर सूची प्रसारित होने के बाद ‘NEWS’, ‘SPACE RANI’, ‘HE RAM’ और ‘BHAKT PRAHLAD’ जैसे नाम चर्चा में आए थे।
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ‘NEWS’ और ‘SPACE RANI’ नामों से हुए चयन को लेकर सरकार पर सवाल उठाए थे। वहीं, कांग्रेस ने भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर चिंता जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
विवाद के बीच CGPSC ने सफाई देते हुए कहा था कि चयन सूची में नाम अभ्यर्थियों द्वारा ऑनलाइन आवेदन के दौरान दर्ज की गई जानकारी के आधार पर शामिल किए गए हैं। इसके बाद ‘NEWS’ नाम से चयनित न्यूज कुमार प्रधान समेत कुछ अभ्यर्थियों ने वीडियो जारी कर अपने नाम को सही बताया था और दस्तावेजों का हवाला दिया था।
फिलहाल मुख्य परीक्षा स्थगित होने के बाद अभ्यर्थियों की नजर आयोग के अगले आदेश पर है। अब यह देखना होगा कि CGPSC नई तारीखों की घोषणा कब करता है।

