Punjab Elections : AAP ने जारी की 40 उम्मीदवारों की लिस्ट, धुरी से चुनाव लड़ेंगे CM मान ; जेल में बंद मंत्री को भी टिकट
Punjab Elections : पंजाब चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। भगवंत मान धूरी से लड़ेंगे चुनाव, संजीव अरोड़ा को भी मिला टिकट। हरपाल चीमा का नाम गायब।
Punjab Elections : पंजाब। आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने दिल्ली में 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में मुख्यमंत्री भगवंत मान का नाम सबसे प्रमुख है। पार्टी ने उन्हें एक बार फिर धूरी विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। सूची जारी होने के बाद पंजाब की राजनीति में चुनावी हलचल तेज हो गई है। पार्टी ने अपने मौजूदा विधायकों पर भरोसा जताते हुए उन्हें दोबारा चुनाव मैदान में उतारा है।
बता दें कि, पंजाब में कुल 117 विधानसभा सीटें हैं, जिसमें आप ने 40 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान चुनाव से पहले ही कर दिया है। सीएम मान ने पिछली बार 2 सीटों से चुनाव लड़ा था।
The Aam Aadmi Party hereby announces the following candidates for the Punjab Legislative Assembly Elections, 2027. https://t.co/dsbqLTNwLa
— AAP (@AamAadmiParty) October 31, 2026
संजीव अरोड़ा को फिर मिला टिकट
AAP की पहली सूची में जेल में बंद मंत्री संजीव अरोड़ा का नाम भी शामिल है। पार्टी ने उन्हें लुधियाना वेस्ट विधानसभा सीट से दोबारा उम्मीदवार बनाया है। उनके नाम को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। वहीं, पहली सूची में वित्त मंत्री हरपाल चीमा को जगह नहीं मिली है। संगरूर के तूरबंजारा से जुड़े गुलजार सुसाइड मामले में उनका नाम सवालों के घेरे में आया था। हालांकि, पार्टी ने अभी उनकी उम्मीदवारी को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है।
मौजूदा विधायकों पर पार्टी ने जताया भरोसा
उम्मीदवारों की पहली सूची में आम आदमी पार्टी ने अपने सभी मौजूदा विधायकों को फिर से मौका दिया है। पार्टी का यह फैसला आगामी विधानसभा चुनाव में अपने मौजूदा जनप्रतिनिधियों के प्रदर्शन और संगठनात्मक समीकरणों पर भरोसे के रूप में देखा जा रहा है।
भगवंत मान ने बताया उम्मीदवार चयन का आधार
सूची जारी करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की बैठक में उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा हुई थी। इस दौरान जनता के बीच कराए गए सर्वे के नतीजों को भी आधार बनाया गया। उन्होंने बताया कि सर्वे में जिन उम्मीदवारों के नामों को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली, उनके चयन को लेकर सहमति बनी।
चुने गए उम्मीदवारों को बहुत-बहुत बधाई
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, आज PAC (पॉलिटिकल अफेयर्स कमिटी) की एक बैठक हुई, जिसमें पंजाब विधानसभा चुनाव के टिकटों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पब्लिक सर्वे के आधार पर, जिन उम्मीदवारों को जनता से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है, उनके नाम तय कर दिए गए हैं। 40 टिकट फाइनल किए गए हैं। मैं उन्हें बहुत-बहुत बधाई देता हूँ और उम्मीद करता हूँ कि वे एक बार फिर चुनकर आएंगे।
#WATCH | Delhi: Punjab CM Bhagwant Mann says, "A PAC (Political Affairs Committee) meeting was held today, during which there was a detailed discussion regarding the Punjab Assembly election tickets. Based on public surveys, candidates who received a positive response from the people have been confirmed. 40 tickets have been finalised... I extend my heartiest congratulations to them and hope that they will be elected once again..."
— ANI (@ANI) October 31, 2026
क्यों जेल में बंद हैं संजीव अरोड़ा
पंजाब के AAP नेता और पूर्व मंत्री संजीव अरोड़ा को 9 मई 2026 को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कथित ₹100 करोड़ से अधिक के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था। ED के आरोपों के अनुसार, अरोड़ा की कंपनी हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड ने 2023-24 में मोबाइल फोन, खासकर iPhone, के निर्यात के नाम पर कथित फर्जी GST बिलों का इस्तेमाल किया।
एजेंसी का आरोप है कि दिल्ली की फर्जी कंपनियों से खरीद दिखाकर लगभग ₹15 करोड़ का इनपुट टैक्स क्रेडिट और ₹48 करोड़ का ड्यूटी ड्रॉ बैक हासिल किया गया। विदेश से आए धन को दुबई के रास्ते भारत वापस लाकर वैध दिखाने का भी आरोप है।
अरोड़ा ने आरोपों को राजनीतिक बदला बताया। AAP ने भी गिरफ्तारी को केंद्र सरकार की एजेंसियों का दुरुपयोग कहा। अक्टूबर 2026 में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी। अरोड़ा गुरुग्राम की भोंडसी जेल में बंद हैं।

