मऊगंज: कॉलेज के छात्र पहुंचे कोतवाली, FIR से लेकर डायल 112 तक समझी पुलिस की कार्यप्रणाली

पुलिस की पाठशाला में पहुंचे पीएम श्री शहीद केदार नाथ महाविद्यालय के छात्र, CCTV कंट्रोल रूम और महिला हेल्प डेस्क का किया अवलोकन

मऊगंज: कॉलेज के छात्र पहुंचे कोतवाली, FIR से लेकर डायल 112 तक समझी पुलिस की कार्यप्रणाली

मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।

पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार चलाए जा रहे जन सुरक्षा एवं युवा सृजन संवाद कार्यक्रम के तहत 30 अक्टूबर को जिला मऊगंज के पीएम श्री शहीद केदार नाथ महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को थाना कोतवाली मऊगंज का भ्रमण कराया गया।

यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन सहित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम और एसडीओपी मऊगंज सचि पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मऊगंज के नेतृत्व में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को थाना परिसर के विभिन्न कक्षों, डायल 112 आपातकालीन वाहन, सीसीटीवी कंट्रोल रूम और महिला हेल्प डेस्क का अवलोकन कराया गया।

थाना प्रभारी द्वारा थाने में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करने की प्रक्रिया और विधिक जानकारी के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। साथ ही डायल 112 पर प्राप्त सूचना पर रिस्पांस टाइम और CCTV कैमरों के माध्यम से अपराध नियंत्रण में मदद की जानकारी दी गई।

इस दौरान छात्रों को साइबर अपराध, नशा मुक्ति, यातायात नियमों, महिला सुरक्षा और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में भी जागरूक किया गया। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के संवाद से युवाओं में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ेगा और वे समाज में कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोगी बनेंगे।