मऊगंज पुलिस की कार्रवाई: गांजा बेचते महिला गिरफ्तार, 14 हजार का मादक पदार्थ जब्त
710 ग्राम गांजे के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार, पुलिस ने 14 हजार का माल जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत की कार्यवाही
मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।
मऊगंज पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मऊगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम और एसडीओपी सचि पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अजय खोब्रागडे की टीम ने मादक पदार्थ गांजा की बिक्री करते हुए एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि चाकमोड़ मुड़हान टोला वार्ड क्रमांक 02 में एक महिला अवैध रूप से गांजा बेच रही है। सूचना पर तत्काल घेराबंदी कर दबिश दी गई। मौके से गुड्डी केवट पति रोहित केवट उम्र 30 वर्ष निवासी मुड़हान टोला को एक पन्नी में गांजा बेचते पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 710 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा कीमती लगभग 14 हजार रुपये जप्त किया गया।
आरोपी महिला के खिलाफ थाना मऊगंज में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। कार्यवाही में निरीक्षक अजय खोब्रागडे, उप निरीक्षक राकेश मिश्रा सहित पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Varsha Shrivastava 
