Bhopal News : स्कूटर की डिक्की से 292 नशीले इंजेक्शन बरामद, युवक गिरफ्तार ; 20 हजार का ब्यूप्रेनॉरफिन जब्त
Bhopal Drug Seizure : भोपाल में निशातपुरा पुलिस ने 292 इंजेक्शन जब्त कर 20 वर्षीय प्रेम शर्मा को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर सप्लाई नेटवर्क की जांच की जा रही है।
Bhopal Drug Seizure : भोपाल। राजधानी भोपाल में नशे के इंजेक्शन की सप्लाई के मामले में निशातपुरा पुलिस ने 20 वर्षीय युवक प्रेम शर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से कुल 292 इंजेक्शन जब्त किए हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी पीपुल्स मॉल के पास इंजेक्शन की डिलीवरी देने पहुंचने वाला है। इसके बाद पुलिस टीम ने न्यू जेल रोड स्थित सी-साइट रेस्टोरेंट के पास घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।
ब्यूप्रेनॉर्फिन और फेनिरामाइन के 146-146 इंजेक्शन जब्त
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास से 146 ब्यूप्रेनॉर्फिन और 146 फेनिरामाइन इंजेक्शन मिले हैं। जब्त इंजेक्शनों में ब्यूप्रेनॉर्फिन को NDPS एक्ट के तहत सूचीबद्ध मादक पदार्थ बताया गया है। पुलिस के अनुसार, प्रेम शर्मा इंजेक्शन रखने से संबंधित वैध दस्तावेज और लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने सभी 292 इंजेक्शन जब्त कर लिए।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
निशातपुरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/22(ख) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इंजेक्शन कहां से लाए गए थे और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। मामले में आरोपी से पूछताछ की जा रही है, ताकि कथित सप्लाई नेटवर्क के अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा सके।
आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में
पुलिस के अनुसार, प्रेम शर्मा का पहले भी आपराधिक मामलों से संबंध रहा है। वह लूट और मारपीट के मामलों में गिरफ्तार हो चुका है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर इंजेक्शनों के मुख्य स्रोत और सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

