मऊगंज: कलेक्टर ने देवतालाब में उप तहसील, अस्पताल और शिव मंदिर का किया निरीक्षण
मऊगंज कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने देवतालाब उप तहसील, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और शिव मंदिर का निरीक्षण किया. नामांतरण-बंटवारे के मामले तीन महीने से ज्यादा लंबित नहीं रखने के निर्देश दिए.
लोकेशन: मऊगंज | रिपोर्ट: राजेंद्र पयासी
मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले में कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे ने देवतालाब का दौरा कर उप तहसील कार्यालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और प्रसिद्ध प्राचीन शिव मंदिर का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने राजस्व मामलों के समय पर निराकरण, अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
नामांतरण-बंटवारे के मामले तीन महीने से ज्यादा लंबित न रहें
दौरे की शुरुआत उप तहसील कार्यालय से हुई. यहां कलेक्टर ने आरसीएमएस पोर्टल पर दर्ज राजस्व प्रकरणों की समीक्षा की. उन्होंने नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन से जुड़े मामलों की स्थिति देखी. कुछ प्रकरण लंबित मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नामांतरण और बंटवारे का कोई भी मामला तीन महीने से अधिक समय तक लंबित नहीं रहना चाहिए.
कलेक्टर ने कहा कि राजस्व मामलों के निराकरण में देरी से ग्रामीणों को परेशानी होती है और कई बार छोटे विवाद भी बढ़ जाते हैं. इसलिए सभी प्रकरणों का तय समय-सीमा में निराकरण किया जाए.

स्वामित्व योजना के काम में तेजी लाने के निर्देश
कलेक्टर ने केंद्र सरकार की स्वामित्व योजना की प्रगति की भी समीक्षा की. उन्होंने ग्रामीण आबादी क्षेत्र के सर्वे, अधिकार अभिलेख तैयार करने और संपत्ति कार्ड वितरण की स्थिति की जानकारी ली. राजस्व और पंचायत विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ लंबित कार्य जल्द पूरे करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र हितग्राहियों को उनकी आबादी की जमीन पर कानूनी अधिकार मिल सके.
अस्पताल में दवा, स्टाफ और स्वास्थ्य सुविधाओं की जांच
इसके बाद कलेक्टर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवतालाब पहुंचे. यहां उन्होंने ओपीडी रजिस्टर, दवाओं के स्टॉक, कर्मचारियों की उपस्थिति और भर्ती मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया. उन्होंने मरीजों से बातचीत कर इलाज की गुणवत्ता के बारे में भी जानकारी ली.
कलेक्टर ने बीएमओ को अस्पताल में साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए. साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा कि लोगों को 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं मिलें और कोई भी मरीज बिना इलाज के वापस न लौटे.

शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर जोर
दौरे के अंतिम चरण में कलेक्टर देवतालाब के प्रसिद्ध प्राचीन शिव मंदिर पहुंचे. उन्होंने मंदिर परिसर और ऐतिहासिक कुंड का निरीक्षण किया. कलेक्टर ने कहा कि यह मंदिर जिले का प्रमुख आस्था केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं.
उन्होंने मंदिर परिसर में साफ-सफाई, सुरक्षा, पेयजल और प्रकाश की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो.
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे. कलेक्टर ने सभी विभागों को व्यवस्थाओं में सुधार करने और लंबित कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए.

