मैहर उपजेल का न्यायाधीशों ने किया आकस्मिक निरीक्षण: भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई का लिया जायजा

मैहर उपजेल पहुंचे न्यायाधीश ने बंदियों से किया संवाद; मुलाकात कक्ष से रसोई तक व्यवस्थाएं परखीं

मैहर उपजेल का न्यायाधीशों ने किया आकस्मिक निरीक्षण: भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई का लिया जायजा

मैहर। उपजेल मैहर का गुरुवार को न्यायालय मैहर के न्यायाधीशों ने आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान जेल परिसर में उपलब्ध व्यवस्थाओं, साफ-सफाई और बंदियों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण करने वाले न्यायाधीशों में प्रहलाद सिंह केमथिया (ADJ), आदेश कुमार जैन (ADJ), सुभाष सुनहरे (ADJ), पंकज श्रीवास्तव (JMFC) और उदयजीत कुंवर राव (JMFC) शामिल रहे।

निरीक्षण के दौरान न्यायाधीशों ने जेल परिसर स्थित मुलाकात कक्ष, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष और रसोई का अवलोकन किया। उन्होंने जेल में साफ-सफाई की स्थिति के साथ बंदियों को उपलब्ध कराए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता का जायजा लिया। इसके अलावा जेल में संचालित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया।

न्यायाधीशों ने बंदियों से की बातचीत

निरीक्षण के दौरान न्यायाधीशों ने जेल में निरुद्ध बंदियों से मुलाकात कर उनसे संवाद किया। साथ ही, उनके प्रकरणों से संबंधित जानकारी प्राप्त की और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

इस आकस्मिक निरीक्षण का उद्देश्य जेल की व्यवस्थाओं, स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता और बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेना रहा। न्यायाधीशों के निरीक्षण के दौरान जेल परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा गया।