बेतवा नदी में अवैध रेत उत्खनन पर भड़के पूर्व सांसद केपी यादव : 4 घंटे तक मौके पर डटे रहे, मुख्यमंत्री से करेंगे शिकायत
Betwa River Illegal Sand Mining : एसपी, कलेक्टर, माइनिंग विभाग और भोपाल तक सूचना देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। केपी यादव ने कहा कि कहीं अधिकारियों की मिलीभगत से तो अवैध उत्खनन नहीं चल रहा?
Betwa River Illegal Sand Mining : अशोकनगर। मुंगावली विधानसभा क्षेत्र के मल्हारगढ़ में बेतवा नदी से कथित अवैध रेत उत्खनन का मामला सामने आया है। शुक्रवार को क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे पूर्व सांसद एवं नागरिक आपूर्ति निगम अध्यक्ष केपी यादव को दो डंपरों द्वारा उनकी गाड़ी को कट मारने पर संदेह हुआ। इसके बाद वे बेतवा नदी पर पहुंचे, जहां कथित तौर पर अवैध रेत उत्खनन चल रहा था।

केपी यादव ने मौके पर नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्हें यहां खड़े हुए चार घंटे हो चुके हैं। एसपी, कलेक्टर, माइनिंग विभाग और भोपाल तक सूचना देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि कहीं अधिकारियों की मिलीभगत से तो अवैध उत्खनन नहीं चल रहा?
केपी यादव (KP Yadav) ने पूरे मामले की शिकायत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से करने की बात कही। उन्होंने कहा कि अवैध उत्खनन से सरकार की छवि खराब हो रही है और मामले की एक-एक बात मुख्यमंत्री के सामने रखेंगे। इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।


