गुटखा खिलाने से मना किया तो युवक पर चाकू से हमला: हालत गंभीर; रीवा रेफर
सतना में गुटखा खिलाने से मना करने पर दो युवकों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। युवक को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रीवा रेफर किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
सतना। मध्य प्रदेश के सतना में गुटखा खिलाने से मना करना एक युवक को भारी पड़ गया। कोलगवां थाना क्षेत्र के टिकुरिया टोला स्थित लखन चौराहा में शनिवार रात दो युवकों ने साजन प्रजापति (30) पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रीवा रेफर किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
गुटखा खिलाने से मना करने पर चाकूबाजी
जानकारी के मुताबिक, साजन प्रजापति झाड़ू बनाने वाली कंपनी में काम करता है। शनिवार रात खाना खाने के बाद वह घर के पास स्थित पान की दुकान पर गुटखा लेने गया था। इसी दौरान शाहिद खान और बाबू खान वहां पहुंचे और साजन से गुटखा खिलाने को कहा।
साजन के मना करने पर दोनों युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उस पर चाकू से हमला कर दिया गया। चाकू का वार पेट के पास लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
गंभीर हालत में रीवा रेफर
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग घायल साजन को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए देर रात रीवा रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने घायल के बयान के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पहले भी मारपीट करने का आरोप
घायल साजन ने पुलिस को बताया कि आरोपी इससे पहले भी उसके साथ मारपीट कर चुके हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

