मऊगंज कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश: शिकायतों का निराकरण नहीं करने वाले अधिकारियों को मिलेंगे नोटिस

मऊगंज कलेक्टर संजय कुमार जैन ने जनकल्याणकारी और विकास कार्यों में गति लाने के दिए निर्देश, कहा- लंबित शिकायतों का शत-प्रतिशत निराकरण करें अधिकारी

मऊगंज कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश: शिकायतों का निराकरण नहीं करने वाले अधिकारियों को मिलेंगे नोटिस

मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर संजय कुमार जैन ने जन विश्वास अभियान के तहत लंबित सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी के आवेदनों की विस्तृत समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी शिविर तक सभी लंबित शिकायतों का आवेदकों की संतुष्टि के साथ शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करें। बैठक में विगत जन विश्वास कार्यक्रम के तहत प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि ऐसी शिकायतें, जो बिना किसी उचित कारण के अभी भी लंबित हैं, उनके संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी किए जाएं।

शुक्रवार को आयोजित होगा जन विश्वास शिविर

कलेक्टर ने कहा कि अगला जन विश्वास शिविर शुक्रवार को नगर परिषद मऊगंज में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्राप्त सभी आवेदनों का समय-सीमा के भीतर निराकरण करने पर जोर दिया।

जिले में खाद की उपलब्धता और रैक लगने की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने सभी एसडीएम को खाद के सुचारू वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने भूमि सर्वेक्षण प्रकरणों की शीघ्र रिपोर्ट भेजने, भू-अर्जन की समीक्षा करने और नामांतरण, सीमांकन और बंटवारा के मामलों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।

समग्र ई-केवायसी जल्द पूरा कराने के निर्देश

कलेक्टर ने सभी जनपद सीईओ को समग्र ई-केवायसी का कार्य जल्द से जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि आमजन को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके।

विभागवार सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा

कलेक्टर ने विभिन्न विभागों की लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने राजस्व विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, ऊर्जा विभाग, नगरीय विकास विभाग, जल संसाधन विभाग, कृषि विभाग, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों में लंबित शिकायतों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों का गंभीरतापूर्वक परीक्षण करते हुए प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए।

जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र की शिकायतों पर भी कार्रवाई

जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर शिकायतों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

स्वरोजगार योजनाओं के प्रकरणों की भी समीक्षा

कलेक्टर ने विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत लंबित और स्वीकृत प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने विभागवार लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को स्वीकृत प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी करने सहित निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर पीके पांडेय, डिप्टी कलेक्टर अजीत मिश्र, एसडीएम मऊगंज रश्मि चतुर्वेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।