अब मेरे पास देने के लिए कुछ नहीं बचा...' मेसी का आखिरी सलाम, अर्जेंटीना की जर्सी को कहा अलविदा
Lionel Messi Retirement: 39 वर्षीय लियोनेल मेसी ने अर्जेंटीना की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम से संन्यास का ऐलान किया। जानिए उनकी भावुक पोस्ट में क्या लिखा।
फुटबॉल की दुनिया का एक सबसे भावुक अध्याय खत्म हो गया. लियोनेल मेसी अब कभी अर्जेंटीना की नीली-सफेद जर्सी में मैदान पर नहीं उतरेंगे. 39 साल दिग्गज ने राष्ट्रीय टीम से संन्यास का ऐलान कर दिया है. सोशल मीडिया पर लिखी उनकी लंबी पोस्ट पढ़कर दुनिया भर के करोड़ों फैन्स भावुक हो गए.
मेसी ने कहा कि 2026 फीफा वर्ल्ड कप फाइनल के बाद काफी सोचने-विचारने के बाद उन्होंने यह फैसला लिया. उन्होंने लिखा कि यह फैसला आसान नहीं था, लेकिन अब यही सही समय है.

"इस फैसले से मुझे बहुत दुख हुआ..."
मेसी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि राष्ट्रीय टीम को छोड़ना उनके लिए सबसे मुश्किल फैसलों में से एक है.
"यह ऐसा फैसला है जिसने मुझे बहुत दुख दिया है और अब भी दे रहा है. लेकिन मैं समझता हूं कि यही सही समय है. मैंने इस जर्सी के लिए हमेशा अपना सब कुछ दिया, ताकि अर्जेंटीना के लोगों को खुशी दे सकूं और उन्हें अपने देश पर गर्व महसूस करा सकूं."
मेसी के इस संदेश ने सोशल मीडिया पर लाखों लोगों को भावुक कर दिया. कुछ ही घंटों में पोस्ट पर करोड़ों व्यूज और लाखों प्रतिक्रियाएं आ गईं.
"अब मेरी जगह नई पीढ़ी की है"
मेसी ने अपनी पोस्ट में नई पीढ़ी के खिलाड़ियों का भी जिक्र किया. उन्होंने लिखा कि अब अर्जेंटीना के पास कई शानदार युवा खिलाड़ी हैं, जो इस जिम्मेदारी के हकदार हैं.
"मुझे राष्ट्रीय टीम का हिस्सा रहना हमेशा पसंद था और हमेशा रहेगा. लेकिन अब मेरे पास देने के लिए कुछ नहीं बचा. अब वक्त है कि नई पीढ़ी आगे आए."
पिता के निधन के बाद और मजबूत हुआ फैसला
मेसी ने खुलासा किया कि उन्होंने यह पोस्ट 21 जुलाई, यानी वर्ल्ड कप फाइनल के दो दिन बाद लिखी थी. लेकिन उनके पिता के निधन के बाद उन्हें यकीन हो गया कि अब राष्ट्रीय टीम से विदा लेने का समय आ गया है. उन्होंने पहले भी कहा था कि उन्हें नहीं पता कि वह फुटबॉल खेलना कैसे जारी रख पाएंगे.
परिवार, कोच और फैन्स को कहा शुक्रिया
मेसी ने अपने 20 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय सफर को याद करते हुए परिवार, कोच, टीम के साथियों, मैनेजर और अर्जेंटीना के फैन्स का धन्यवाद किया.
उन्होंने लिखा,
"इन 20 सालों में मिले प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद। अब मैं भी आप सबकी तरह बाहर से टीम का सबसे बड़ा समर्थक बनूंगा। हर हाल में अर्जेंटीना का हौसला बढ़ाऊंगा."
उन्होंने अपनी पोस्ट का अंत लिखा—
"भगवान, मुझे अर्जेंटीना का नागरिक बनाने के लिए धन्यवाद. आगे बढ़ो अर्जेंटीना,"
39 साल के मेसी ने साल 2022 में क़तर में अर्जेंटीना को वर्ल्ड कप जिताया था. इस साल हुए वर्ल्ड कप में भी उनकी टीम फाइनल तक पहुंची, लेकिन इस बार स्पेन ने बाजी मारी. अपने इंटरनेशल करियर में मेसी ने उन्होंने कुल 207 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 125 गोल किए हैं, जिससे वह देश के अब तक के सबसे ज़्यादा गोल करने वाले और सबसे ज़्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं.


