रोहित-विराट 2027 वर्ल्ड कप खेलेंगे या नहीं? आशीष नेहरा ने बताया- अभी क्यों नहीं हो सकता फैसला
रोहित शर्मा और विराट कोहली 2027 वनडे वर्ल्ड कप खेलेंगे या नहीं? आशीष नेहरा ने कहा कि अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी. जानिए रोहित-विराट के वर्ल्ड कप फ्यूचर पर नेहरा ने क्या कहा.
भोपाल। रोहित शर्मा और विराट कोहली 2027 का वनडे वर्ल्ड कप खेलेंगे या नहीं, यह सवाल लगातार चर्चा में बना हुआ है. दोनों खिलाड़ी फिलहाल टीम इंडिया के वनडे सेटअप का हिस्सा हैं और लगातार इस फॉर्मेट में खेल रहे हैं. हालांकि, उनके वर्ल्ड कप फ्यूचर को लेकर अभी से सवाल उठने लगे हैं।. अब पूर्व भारतीय क्रिकेटर आशीष नेहरा ने इस पर अपनी राय रखी है.
मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक बातचीत में आशीष नेहरा से पूछा गया कि क्या रोहित शर्मा और विराट कोहली को 2027 वर्ल्ड कप की टीम में जगह मिलेगी? इस पर नेहरा ने कहा कि अभी से इस बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी. उनके मुताबिक, 13 महीने का समय काफी लंबा होता है और इस दौरान खिलाड़ियों की फॉर्म और प्रदर्शन के आधार पर तस्वीर पूरी तरह बदल सकती है.
फॉर्म में हैं तो क्यों नहीं मिलेगा मौका?
आशीष नेहरा ने कहा कि अगर रोहित शर्मा और विराट कोहली लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और फॉर्म में हैं, तो उन्हें वर्ल्ड कप टीम में शामिल क्यों नहीं किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि सिर्फ भारतीय क्रिकेट ही नहीं, बल्कि दूसरे खेलों में भी कुछ ही हफ्तों में परिस्थितियां बदल जाती हैं.
नेहरा के मुताबिक, रोहित और विराट ने भारतीय क्रिकेट के लिए जो हासिल किया है, उस पर किसी चर्चा की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ियों के मामले में किसी कोच या कप्तान के लिए फैसला लेना आसान नहीं होगा.
उम्र सिर्फ एक नंबर
आशीष नेहरा ने रोहित और विराट के भविष्य को लेकर कहा कि दोनों खिलाड़ियों के लिए उम्र सिर्फ एक नंबर है. उन्होंने कहा कि 2027 वर्ल्ड कप अभी काफी दूर है और उस समय तक क्या स्थिति होगी, यह अभी से तय नहीं किया जा सकता.
नेहरा ने साफ कहा कि वह अभी यह नहीं कह सकते कि रोहित शर्मा और विराट कोहली 2027 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का हिस्सा होंगे या नहीं. हालांकि, उन्होंने दोनों के लिए किसी भी संभावना को खारिज भी नहीं किया.
दोनों खिलाड़ी सिर्फ वनडे खेल रहे
रोहित शर्मा और विराट कोहली अपने करियर के आखिरी दौर में हैं, लेकिन वनडे क्रिकेट में दोनों लगातार अपना दावा मजबूत कर रहे हैं। दोनों खिलाड़ी टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और अब सिर्फ वनडे फॉर्मेट में खेल रहे हैं. मौजूदा समय में दोनों बल्लेबाज अच्छी फॉर्म में नजर आ रहे हैं. 2026 में विराट कोहली ने 384 रन, जबकि रोहित शर्मा ने 379 रन बनाए हैं। दोनों खिलाड़ियों के नाम इस साल वनडे में एक-एक शतक भी दर्ज है.
इंग्लैंड दौरे पर भी दोनों भारतीय टीम का हिस्सा रहे थे. उस दौरान रोहित की खराब फॉर्म को लेकर उनके संन्यास की अटकलें लगाई गई थीं. हालांकि, उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए आलोचकों को जवाब दिया.
वेस्टइंडीज के खिलाफ फिर दिखेगी रोहित-विराट की जोड़ी
अब रोहित शर्मा और विराट कोहली का अगला असाइनमेंट वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज है. भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 27 सितंबर से शुरू होगी.
सीरीज का पहला मुकाबला 27 सितंबर को तिरुवनंतपुरम, दूसरा वनडे 30 सितंबर को गुवाहाटी, जबकि तीसरा और आखिरी मुकाबला 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा.
2027 का वनडे वर्ल्ड कप दक्षिण अफ्रीका, नामीबिया और जिम्बाब्वे में खेला जाना है. ऐसे में रोहित और विराट के पास खुद को साबित करने के लिए अभी काफी समय है. यही वजह है कि आशीष नेहरा भी दोनों के वर्ल्ड कप भविष्य को लेकर अभी कोई अंतिम राय देने से बच रहे हैं.

