इंदौर में गर्मियों में जलसंकट से निपटने की तैयारी तेज: नगर निगम खरीदेगा 100 नए टैंकर
इंदौर में कम बारिश के कारण गर्मियों में जलसंकट की आशंका के बीच नगर निगम ने छह हजार सरकारी बोरिंगों का सर्वे शुरू किया। 100 नए टैंकर, नई मोटरें और हाइड्रेंट बनाने की तैयारी।
इंदौर। कम बारिश के चलते आगामी गर्मियों में जलसंकट की आशंका को देखते हुए इंदौर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर में पानी की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए छह हजार सरकारी बोरिंगों का सर्वे कराया जा रहा है। इसके साथ ही पुरानी मोटरों को बदलने, 100 नए टैंकर खरीदने और जरूरत वाले क्षेत्रों में नए हाइड्रेंट बनाने की योजना पर काम किया जा रहा है।
पानी पहुंचाने के लिए जरूरी इंतजाम
नगर निगम जलकार्य समिति प्रभारी बबलू शर्मा ने बताया कि गर्मियों में शहर के सभी वार्डों तक पानी पहुंचाने के लिए जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। जिन बोरिंगों की मोटरें पुरानी हो चुकी हैं या बार-बार खराब होती हैं, उन्हें बदलकर नई मोटरें लगाई जाएंगी। जरूरत के अनुसार पाइपलाइनों में भी सुधार किया जाएगा।
100 नए टैंकर खरीदने की तैयारी
वहीं, नगर निगम 15 से 20 साल पुराने टैंकरों की जगह 100 नए टैंकर खरीदने की तैयारी कर रहा है। जिन वार्डों में टैंकर भरने के लिए हाइड्रेंट की सुविधा नहीं है, वहां नए हाइड्रेंट बनाए जाएंगे, ताकि जरूरत पड़ने पर संबंधित क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति की जा सके।
बोरिंगों के रखरखाव और व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए काम को चार जोनों में बांटा गया है। इसके अलावा निजी बोरिंगों का भी सर्वे किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक परिवारों तक पानी पहुंचाने की योजना तैयार की जा सके। नगर निगम का लक्ष्य गर्मियों में पानी की मांग बढ़ने पर शहरवासियों को होने वाली परेशानी को कम करना है।

