OPD बंद...मरीज परेशान: सड़क पर बैठे इंटर्न डॉक्टर, प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर जीतू पटवारी ने की बात
MP में इंटर्न डॉक्टरों का OPD बहिष्कार: स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर प्रदर्शन जारी, Bhopal के हमीदिया अस्पताल में OPD बंद, रोशनपुरा से रॉयल मार्केट तक जाम
Bhopal। MBBS इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर बीते दिनों राजधानी में शुरू हुआ आंदोलन अब और तेज हो गया है। पुलिस की कार्रवाई से नाराज इंटर्न डॉक्टरों ने सोमवार को प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में ओपीडी का बहिष्कार किया। भोपाल, इंदौर, रतलाम समेत कई शहरों में इंटर्न डॉक्टरों के काम नहीं करने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाएं जारी रहीं।
MBBS इंटर्न डॉक्टर्स से मिले जीतू पटवारी, सुनी हक़ की आवाज़!
— Public Vani News (@publicvaninews) September 8, 2026
आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी जी ने MBBS इंटर्न डॉक्टर्स से मुलाक़ात की. #doctor #protest #bhopal pic.twitter.com/zMYm6grXG6
इंटर्न डॉक्टरों के बीच पहुंचे जीतू पटवारी
इंटर्न डॉक्टरों के आंदोलन के बीच कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से बातचीत की और सरकार से उनकी मांगों पर ध्यान देने की अपील की।

पटवारी ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री को खुद आंदोलन कर रहे इंटर्न डॉक्टरों के बीच पहुंचकर उनकी बात सुननी चाहिए। उन्होंने सीएम हाउस की ओर जाने वाले रास्ते पर की गई बैरिकेडिंग को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि सीएम हाउस के रास्ते पर इस तरह बैरिकेडिंग कर दी गई है, जैसे भारत-पाकिस्तान की बॉर्डर बना दी गई हो। पटवारी ने सरकार से डॉक्टरों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की मांग की।

रातभर सड़क पर बैठे रहे इंटर्न डॉक्टर
भोपाल में इंटर्न डॉक्टर रातभर से कमला पार्क की सड़क पर बैठे हुए हैं। डॉक्टरों ने सड़क पर बैठकर विरोध जताया, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ। उनका कहना है कि स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर जब तक सरकार की ओर से आधिकारिक बातचीत नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

हमीदिया अस्पताल में भी इंटर्न डॉक्टरों के प्रदर्शन का असर स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ा है। यहां ओपीडी पूरी तरह बंद रही। इसके साथ ही ओटी का भी बहिष्कार किया जा रहा है। इलाज और जांच के लिए अस्पताल पहुंचे मरीजों को काफी परेशानी हुई।
हमीदिया के 3 में से सिर्फ एक गेट खुला
प्रदर्शन को देखते हुए हमीदिया अस्पताल के तीन गेटों में से फिलहाल सिर्फ गेट नंबर-2 खुला रखा गया है। इमरजेंसी गेट बंद होने के कारण इमरजेंसी मरीजों को भी इसी गेट से अस्पताल में प्रवेश करना पड़ रहा है। अस्पताल के बाहर मरीजों और उनके परिजनों की भीड़ के साथ वाहनों का दबाव भी बढ़ गया है। पुलिस ने स्थिति को संभालने के लिए अस्पताल परिसर और आसपास बड़ी संख्या में जवान तैनात किए हैं।
रोशनपुरा से रॉयल मार्केट तक जाम
इंटर्न डॉक्टरों के सड़क पर बैठने से भोपाल में ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। रोशनपुरा से लेकर रॉयल मार्केट तक जाम की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने यातायात को सुचारु रखने के लिए कई जगह डायवर्जन किए हैं।
वाहनों को जहांगीराबाद वाले रूट से निकाला जा रहा है। वहीं राजा भोज ब्रिज पर एक ही रूट से दोनों तरफ का ट्रैफिक चलाया जा रहा है। इस सड़क पर सामान्य दिनों में करीब 5 हजार वाहन चलते हैं। पीक ऑवर में यह संख्या 8 से 10 हजार तक पहुंच जाती है।
CM हाउस जाने वाले रास्तों पर पुलिस तैनात
इंटर्न डॉक्टरों के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सीएम हाउस की ओर जाने वाले सभी प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी है। पुलिस की ओर से सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
इंटर्न डॉक्टर स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि मांगों पर सरकार की ओर से ठोस बातचीत होने तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। दूसरी ओर, ओपीडी बंद होने से सरकारी अस्पतालों में इलाज के लिए आने वाले मरीजों की परेशानी बढ़ गई है।
Varsha Shrivastava 
