मऊगंज पुलिस का बड़ा एक्शन, 3.45 लाख की नशीली कफ सिरप जब्त, स्कॉर्पियो छोड़कर फरार हुए तस्कर

मऊगंज पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत 1645 शीशी अवैध नशीली कफ सिरप और स्कॉर्पियो जब्त की. पुलिस को देखकर तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए.

मऊगंज पुलिस का बड़ा एक्शन, 3.45 लाख की नशीली कफ सिरप जब्त, स्कॉर्पियो छोड़कर फरार हुए तस्कर

राजेंद्र पयासी मऊगंज

मऊगंज। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन प्रहार 2.0" के तहत मऊगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप जब्त की है। पुलिस ने 1645 शीशी नशीली कफ सिरप, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 45 हजार 450 रुपए है, बरामद की है। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही करीब 5 लाख रुपए कीमत की स्कॉर्पियो भी जब्त कर ली गई। हालांकि पुलिस की घेराबंदी के दौरान तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन ने बताया कि रीवा जोन के पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत के निर्देश पर जिले में नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी राम सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वाराणसी की ओर से एक सफेद स्कॉर्पियो में बड़ी मात्रा में नशीली कफ सिरप मऊगंज के रास्ते सीधी ले जाई जा रही है।

सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम और एसडीओपी सची पाठक के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने गाड़ा ओवरब्रिज के पास घेराबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध स्कॉर्पियो वहां पहुंची। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार के कारण स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकरा गई।

इसके बाद तस्कर वाहन को सर्विस लेन से बरांव मोड़ की ओर ले गए और खेतों की तरफ भाग निकले। रात का अंधेरा और सुनसान इलाका होने के कारण पुलिस उन्हें मौके पर पकड़ नहीं सकी।

पुलिस ने स्कॉर्पियो की तलाशी ली तो उसमें रखी 7 बोरियों से 1645 शीशी प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में पता चला कि यह खेप बिना किसी वैध दस्तावेज के परिवहन की जा रही थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर नशीले पदार्थ की खेप और वाहन को जब्त कर लिया है।

फिलहाल पुलिस फरार तस्करों की पहचान में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राम सिंह, उप निरीक्षक संतोष कुमार सिंह, थाना मऊगंज, चौकी खटखरी, थाना शाहपुर और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।