Chhatron Ki Goonj Live: राहुल गांधी इंदौर पहुंचे, पुलिस-वॉलंटियर्स में धक्का-मुक्की; युवतियां बोलीं- ‘RAGA से प्यार है, इसलिए आए’

‘छात्रों की गूंज’ इंदौर में 7 घंटे रहेंगे राहुल गांधी: जेन-जी के मुद्दों पर करेंगे बात, कांग्रेस का दावा-2 लाख रजिस्ट्रेशन हुए, बदला रहेगा ट्रैफिक प्लान, 13 रास्तों पर भारी वाहन बैन, फोर व्हीलर के लिए 5 रास्ते नो-व्हीकल जोन

Chhatron Ki Goonj Live: राहुल गांधी इंदौर पहुंचे, पुलिस-वॉलंटियर्स में धक्का-मुक्की; युवतियां बोलीं- ‘RAGA से प्यार है, इसलिए आए’

इंदौर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को इंदौर पहुंचे। उनके दौरे को लेकर शहर में दिनभर हलचल रही। एयरपोर्ट से रेडिसन होटल जाते समय राहुल गांधी से मिलने की कोशिश कर रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की पुलिस से धक्का-मुक्की हुई। कई कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात नहीं कर सके।

वहीं, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के मंच के पास भी पुलिस और वॉलंटियर्स के बीच धक्का-मुक्की हुई। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस पर बदसलूकी करने का आरोप लगाया।

राहुल गांधी के पहुंचते ही करीब 5 किमी लंबा जाम

राहुल गांधी के इंदौर पहुंचने के बाद उनके रूट पर ट्रैफिक प्रभावित रहा। सड़क पर करीब 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इस दौरान जाम में एक एंबुलेंस की रफ्तार भी धीमी हुई। हालांकि, रास्ता खुलने के बाद एंबुलेंस वहां से निकल गई।

कार्यक्रम की व्यवस्था संभाल रहे वॉलंटियर्स को कांग्रेस की ओर से फ्री टी-शर्ट दी गई। राहुल गांधी के समर्थक ‘राहुल गांधी जिंदाबाद’ और ‘घर-घर गांधी, राहुल गांधी जिंदाबाद’ जैसे नारे लगाते नजर आए।

‘छात्रों की गूंज’ में जुटे हजारों छात्र

राहुल गांधी शाम करीब 5:30 बजे रीजनल पार्क के सामने स्थित IDA ग्राउंड में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम में एंट्री दोपहर से जारी है और 10 हजार से ज्यादा छात्र डोम के अंदर पहुंच चुके हैं। कार्यक्रम में राहुल गांधी युवाओं और छात्रों से शिक्षा, रोजगार, पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे मुद्दों पर बातचीत करेंगे। इंदौर में यह उनका पहला और देश में ‘छात्रों की गूंज’ का पांचवां कार्यक्रम है।

कांग्रेस का दावा है कि कार्यक्रम के लिए करीब 2 लाख रजिस्ट्रेशन हुए हैं। कार्यक्रम को प्रशासन की ओर से 31 शर्तों के साथ अनुमति दी गई है।

‘RAGA’ चश्मा और ‘आई लव यू RAGA’ का पोस्टर

कार्यक्रम में राहुल गांधी को लेकर युवाओं में अलग-अलग तरह का उत्साह भी देखने को मिला। कुछ युवा ‘RAGA’ लिखा चश्मा पहनकर पहुंचे।

वहीं ग्वालियर से आई दिव्यांशी अपने साथ ऐसा पोस्टर लेकर पहुंचीं, जिस पर लिखा था- ‘आपसे (RAGA) प्यार है, इसलिए इंदौर आए हैं।’ युवाओं के बीच राहुल गांधी के थीम सॉन्ग पर डांस करते हुए वीडियो भी सामने आए।