Rewa Airport से Kolkata और Bhopal के लिए Flight शुरू, राजेंद्र शुक्ल यात्री बनकर रवाना

Rewa Airport से 9 अगस्त को Kolkata और Bhopal के लिए नई हवाई सेवा शुरू हो गई. उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल यात्री बनकर भोपाल रवाना हुए. जानिए रीवा एयरपोर्ट के विस्तार की पूरी कहानी.

Rewa Airport से Kolkata और Bhopal के लिए Flight शुरू, राजेंद्र शुक्ल यात्री बनकर रवाना

रीवा एयरपोर्ट से कोलकाता और भोपाल के लिए लंबे समय से प्रस्तावित नई हवाई सेवा का इंतजार 9 अगस्त को खत्म हो गया. कोलकाता से विमान रीवा पहुंचा, जहां एयरपोर्ट पर आयोजित कार्यक्रम में नई सेवा का औपचारिक शुभारंभ किया गया. इसके बाद विमान रीवा से भोपाल के लिए रवाना हुआ.

रीवा एयरपोर्ट पर आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, मंत्री प्रतिमा बागरी, रीवा और सतना के सांसद, पूर्व मंत्री पुष्पराज सिंह, विधायक समेत कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे. नई हवाई सेवा शुरू होने के बाद रीवा अब भोपाल और कोलकाता से सीधे हवाई मार्ग से जुड़ गया है.

डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल बने यात्री

रीवा एयरपोर्ट से भोपाल के लिए रवाना हुई पहली उड़ान में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल भी यात्री के रूप में शामिल हुए. उन्होंने कहा कि रीवा एयरपोर्ट के विस्तार का काम लगातार आगे बढ़ रहा है. दिल्ली, इंदौर और रायपुर के बाद अब भोपाल और कोलकाता के लिए हवाई सुविधा शुरू होने से विंध्य क्षेत्र की कनेक्टिविटी को और मजबूती मिलेगी.

राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि आने वाले समय में रीवा को मुंबई से भी हवाई सेवा से जोड़ने का लक्ष्य है. उन्होंने कहा कि नई विमान सेवाओं से क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार, उद्योग और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा.

2025 में शुरू हुई थी रीवा की पहली 72 सीटर उड़ान

रीवा एयरपोर्ट से हवाई सेवाओं का विस्तार लगातार हुआ है. 10 नवंबर 2025 को यहां से पहली 72 सीटर रीवा-दिल्ली विमान सेवा शुरू हुई थी. इसके बाद 22 दिसंबर 2025 को रीवा-इंदौर और मार्च 2026 में रीवा-रायपुर हवाई सेवा शुरू की गई.

इन सेवाओं के जरिए अब तक 35 हजार से अधिक यात्रियों के यात्रा करने की जानकारी दी गई है. नई सेवाओं के शुरू होने से रीवा एयरपोर्ट से जुड़े शहरों की संख्या और बढ़ गई है.दिल्ली और इंदौर से मिलेगी डायरेक्ट कनेक्टिविटी, रीवा एयरपोर्ट पर 72 सीटर  विमान का सफल ट्रायल - rewa airport successfully lands 72seater plane  connecting to delhi indore

भोपाल और कोलकाता से बढ़ेगी कनेक्टिविटी

नई विमान सेवा से रीवा और आसपास के जिलों के यात्रियों को भोपाल और कोलकाता आने-जाने के लिए बेहतर हवाई कनेक्टिविटी मिलेगी. भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू द्वारा भी इस नई सेवा का विधिवत शुभारंभ किया गया.

रीवा एयरपोर्ट के लगातार विस्तार के साथ अब यहां से देश के दूसरे प्रमुख शहरों के लिए भी हवाई सेवाएं शुरू होने की उम्मीद बढ़ी है. स्थानीय स्तर पर मुंबई के लिए भी सीधी विमान सेवा शुरू करने की मांग और प्रयास किए जा रहे हैं.