स्वास्थ्य संस्थाओं के निर्माण में देरी पर डिप्टी CM शुक्ल सख्त: उपकरण-स्टाफ की व्यवस्था समयबद्ध करने के निर्देश
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने मंत्रालय में विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं के निर्माण कार्यों की प्रगति और पूर्ण हो चुके कार्यों के लोकार्पण की तैयारियों की समीक्षा की।
भोपाल। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने मंत्रालय में विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं के निर्माण कार्यों की प्रगति और पूर्ण हो चुके कार्यों के लोकार्पण की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सतत एवं सघन मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
निर्माण पूर्ण होने के बाद संचालन में देरी नहीं
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि स्वास्थ्य संस्थाओं के भवन निर्माण का कार्य पूर्ण होने के बाद उनके संचालन में अनावश्यक देरी नहीं होना चाहिए। निर्माण पूरा होते ही आवश्यक उपकरण एवं फर्नीचर की उपलब्धता तथा मानव संसाधन की पदस्थापना की प्रक्रिया समयबद्ध रूप से पूरी की जाए, ताकि संस्थाओं का संचालन तत्काल प्रारंभ हो सके।

सभी कार्यों की मॉनिटरिंग के निर्देश
उन्होंने निर्माण एजेंसियों, अस्पताल प्रशासन और संबंधित विभागीय एजेंसियों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित कर निर्माण, उपकरण, फर्नीचर और मानव संसाधन से जुड़े सभी कार्यों की एकीकृत मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। निर्धारित समय-सीमा का प्रत्येक स्तर पर कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व निर्धारित लक्ष्य की तुलना में वर्तमान में कम स्वास्थ्य संस्थाएं लोकार्पण के लिए तैयार हो पाई हैं। उन्होंने प्रगति में कमी के कारणों की विस्तृत समीक्षा कर निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा देरी के लिए उत्तरदायी अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी निर्धारित करने के निर्देश दिए।

बैठक में वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे
बैठक में आयुक्त, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा धनराजू एस., प्रबंध संचालक, भवन विकास निगम सिबी चक्रवर्ती, प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश पब्लिक हेल्थ कॉर्पोरेशन लिमिटेड अवि प्रसाद सहित विभागीय वरिष्ठ अधिकारी एवं निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

