Hospital AC Explodes : RIMS के न्यूबॉर्न केयर यूनिट में फटा AC, तीन मासूम जिंदा जले

Hospital AC Explodes : हादसे के बाद कई बच्चों को इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया गया। इलाज के दौरान निजामाबाद में एक और बच्चे की मौत हो गई।

Hospital AC Explodes : RIMS के न्यूबॉर्न केयर यूनिट में फटा AC, तीन मासूम जिंदा जले

Hospital AC Explodes : तेलंगाना अदिलाबाद स्थित राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज यानी RIMS के स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट में आग लगने के बाद अब तक तीन मासूम बच्चों की मौत हो चुकी है। इनमें एक पांच दिन का बच्चा भी शामिल है। मंगलवार तड़के हुए इस हादसे के बाद कई बच्चों को इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया गया था। इलाज के दौरान निजामाबाद में एक और बच्चे की मौत हो गई। इसके बाद हादसे में मरने वाले बच्चों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है।

देर रात हुआ हादसा 

हादसा सोमवार देर रात करीब 11:40 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि SNCU वार्ड में AC यूनिट में खराबी के बाद आग लग गई और पूरे वार्ड में घना धुआं भर गया। हादसे के वक्त वार्ड में 24 बच्चे मौजूद थे। अस्पताल के स्टाफ, फायर ब्रिगेड, पुलिस और मेडिकल टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। 20 से ज्यादा बच्चों को इलाज के लिए सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और आसपास के दूसरे अस्पतालों में भेजा गया।

AC खराबी से भरा धुआं

अदिलाबाद के जिला कलेक्टर राजर्षि शाह के मुताबिक AC में खराबी के बाद आग लगने की बात सामने आई है। रेस्क्यू के दौरान करीब 26 हफ्ते के एक प्रीमैच्योर बच्चे की मौत हो गई थी। बाकी बच्चों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया जहां बाल रोग विशेषज्ञ उनकी निगरानी कर रहे थे।

अब इलाज के दौरान निजामाबाद में एक और मासूम की मौत की जानकारी सामने आई है। इससे पहले भी एक बच्चे की मौत हो चुकी थी। इस तरह आग की इस घटना में अब तक तीन बच्चों की जान जा चुकी है।

फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया

फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और इसे अस्पताल के दूसरे वार्डों तक फैलने से रोक लिया। धुएं की चपेट में आए बच्चों को जरूरत के मुताबिक वेंटिलेटर और दूसरी मेडिकल सुविधाएं दी जा रही हैं।

जांच के दिए गए निर्देश

घटना के बाद अदिलाबाद के जिला कलेक्टर राजर्षि शाह और पुलिस अधीक्षक अखिल महाजन ने अस्पताल पहुंचकर मौके का जायजा लिया। अधिकारियों ने रेस्क्यू और राहत के काम की निगरानी की और हादसे की वजह की जांच के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। आग लगने की सही वजह और किसी तरह की लापरवाही हुई या नहीं इसका पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जाएगी। 

फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता अस्पताल से दूसरे केंद्रों पर भेजे गए बच्चों की सुरक्षा और इलाज सुनिश्चित करना है। हादसे के बाद अस्पताल में मौजूद बच्चों को बचाने के लिए मेडिकल और इमरजेंसी टीमें लगातार काम कर रही हैं। तीन बच्चों की मौत के बाद परिवारों में मातम का माहौल है।