Asian Games 2026: शूटिंग में भारत का दम, 10 मीटर एयर राइफल में एक ही दिन 3 मेडल

Asian Games 2026 में भारतीय निशानेबाजों ने 10 मीटर एयर राइफल में शानदार प्रदर्शन किया. टीम इवेंट में सिल्वर के बाद हिमांशु ढिल्लों ने सिल्वर और रुद्रांक्ष पाटिल ने ब्रॉन्ज मेडल जीता.

Asian Games 2026: शूटिंग में भारत का दम, 10 मीटर एयर राइफल में एक ही दिन 3 मेडल

Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय निशानेबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है. 21 सितंबर को शूटिंग में भारत ने 10 मीटर एयर राइफल में तीन और मेडल अपने नाम किए. पुरुषों की टीम स्पर्धा में रुद्रांक्ष पाटिल, हिमांशु ढिल्लों और पार्थ माने की तिकड़ी ने सिल्वर मेडल जीता. इसके बाद व्यक्तिगत स्पर्धा में हिमांशु ढिल्लों ने सिल्वर और रुद्रांक्ष पाटिल ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया.

टीम इवेंट में भारत को सिल्वर

पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में भारत की तिकड़ी ने कुल 1890.1 अंक हासिल किए. रुद्रांक्ष पाटिल, हिमांशु ढिल्लों और पार्थ माने की टीम दूसरे स्थान पर रही. चीन के शेंग लिहाओ, मा सिहान और झांग चांगहोंग ने 1899.0 अंक के साथ गोल्ड मेडल जीता. चीन का यह स्कोर विश्व रिकॉर्ड रहा. दक्षिण कोरिया ने 1884.2 अंकों के साथ ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया. 

रुद्रांक्ष और हिमांशु ने व्यक्तिगत फाइनल में बनाई जगह

टीम स्पर्धा के बाद भारतीय निशानेबाजों ने व्यक्तिगत स्पर्धा में भी शानदार प्रदर्शन किया. क्वालिफिकेशन में रुद्रांक्ष पाटिल 631.8 अंक के साथ तीसरने स्थान पर रहे, जबकि हिमांशु ढिल्लों ने 630.0 अंक के साथ सातवां स्थान हासिल किया. दोनों ने फाइनल के लिए क्वालिफाई किया. वहीं पार्थ माने 628.3 अंक के साथ 10वें स्थान पर रहे और व्यक्तिगत फाइनल में जगह नहीं बना सके.

हिमांशु को सिल्वर, रुद्रांक्ष को ब्रॉन्ज

व्यक्तिगत फाइनल में हिमांशु ढिल्लों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 252.4 अंक हासिल किए और सिल्वर मेडल अपने नाम किया. रुद्रांक्ष पाटिल 230.9 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे और उन्हें ब्रॉन्ज मेडल मिला. चीन के शेंग लिहाओ ने 254.2 अंक के साथ गोल्ड मेडल जीता. इस तरह पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल में भारत ने एक ही दिन टीम सिल्वर, व्यक्तिगत सिल्वर और व्यक्तिगत ब्रॉन्ज कुल तीन मेडल जीत लिए.

शूटिंग में भारत का लगातार शानदार प्रदर्शन

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय शूटिंग टीम लगातार पदक जीत रही है. इससे पहले महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में एलावेनिल वालरिवन, सोनम मस्कर और विदर्सा विनोद की टीम ने सिल्वर मेडल जीता था. एलावेनिल ने व्यक्तिगत स्पर्धा में भी सिल्वर मेडल हासिल किया था. पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल में मिली तीन पदक जीत के साथ भारत की शूटिंग में पदकों की संख्या और बढ़ गई है. भारतीय निशानेबाजों की निगाहें अब अगले मुकाबलों में गोल्ड मेडल पर होंगी.