गुजरात की IPL में सबसे बड़ी जीत, हैदराबाद 86 रन पर ढेर
गुजरात टाइटंस ने IPL 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद को 82 रन से हराया। SRH ने अपना सबसे छोटा IPL स्कोर बनाया, जबकि साई सुदर्शन ने लगातार तीसरे सीजन 500+ रन पूरे किए.
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए IPL 2026 के 56वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को 82 रन से हराकर कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए. गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 168 रन बनाए, जवाब में हैदराबाद की पूरी टीम सिर्फ 86 रन पर सिमट गई. साई सुदर्शन ने शानदार 61 रन की पारी खेली, जबकि कगिसो रबाडा और मोहम्मद सिराज की घातक गेंदबाजी ने हैदराबाद की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी. मैच में कई बड़े रिकॉर्ड बने.

गुजरात की रन के लिहाज से सबसे बड़ी जीत
82 रन से मिली जीत गुजरात टाइटंस की IPL इतिहास में सबसे बड़ी जीत बन गई. इससे पहले टीम ने इसी सीजन जयपुर में राजस्थान रॉयल्स को 77 रन से हराया था.
हैदराबाद का सबसे छोटा IPL स्कोर

सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 14.5 ओवर में केवल 86 रन पर ऑलआउट हो गई. यह IPL इतिहास में टीम का सबसे छोटा स्कोर है. इससे पहले SRH का सबसे कम स्कोर 2019 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 96 रन था. वहीं गुजरात के खिलाफ किसी टीम का यह दूसरा सबसे छोटा स्कोर रहा. इससे पहले 2022 में लखनऊ सुपर जायंट्स 82 रन पर सिमटी थी.
SRH की सबसे बड़ी हार
82 रन की हार हैदराबाद की IPL में रन के लिहाज से सबसे बड़ी हार भी बन गई. इससे पहले टीम को 2025 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 80 रन से हार मिली थी.
गुजरात की लगातार पांचवीं जीत
गुजरात टाइटंस ने इस सीजन लगातार पांचवां मुकाबला जीत लिया। टीम IPL 2026 में लगातार पांच मैच जीतने वाली दूसरी टीम बनी. इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद भी यह कारनामा कर चुकी है. यह गुजरात की संयुक्त रूप से सबसे लंबी विनिंग स्ट्रीक भी है. टीम ने 2022 सीजन में भी लगातार 5 मुकाबले जीते थे.

पावरप्ले में गुजरात नंबर-1
गुजरात टाइटंस IPL 2026 में पावरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली टीम बन गई है. शुरुआती 6 ओवरों में टीम अब तक 25 विकेट झटक चुकी है.
रबाडा का पावरप्ले में जलवा
कगिसो रबाडा ने हैदराबाद के खिलाफ 3 विकेट लेकर इस सीजन पावरप्ले में अपने विकेटों की संख्या 16 तक पहुंचा दी. वे अब IPL इतिहास में एक सीजन के पावरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में मोहम्मद शमी से सिर्फ एक विकेट पीछे हैं.

साई सुदर्शन का रिकॉर्ड सीजन जारी
साई सुदर्शन ने 61 रन की पारी खेलते हुए लगातार तीसरे IPL सीजन में 500+ रन पूरे कर लिए. वे अब विराट कोहली, शिखर धवन और क्रिस गेल जैसे दिग्गज खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए हैं. IPL इतिहास में लगातार सबसे ज्यादा 500+ रन बनाने का रिकॉर्ड डेविड वॉर्नर के नाम है, जिन्होंने 2014 से 2020 तक लगातार 6 सीजन में यह उपलब्धि हासिल की थी. दिलचस्प बात यह है कि क्रिस गेल और साई सुदर्शन ही ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने लगातार 500+ रन वाले हर सीजन में 140+ स्ट्राइक रेट बनाए रखा.

लगातार तीसरी फिफ्टी
सुदर्शन ने IPL 2026 में लगातार तीसरी फिफ्टी लगाई. इसके साथ ही उन्होंने गुजरात टाइटंस के लिए लगातार सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. इससे पहले हार्दिक पंड्या और शुभमन गिल भी लगातार तीन 50+ स्कोर बना चुके हैं.
गुजरात का सबसे धीमा पावरप्ले
गुजरात ने इस सीजन अपना सबसे धीमा पावरप्ले खेला। टीम ने शुरुआती 6 ओवर में 2 विकेट खोकर सिर्फ 34 रन बनाए. वहीं हैदराबाद ने भी इस सीजन पहली बार पावरप्ले में इतने कम रन दिए.
सिराज ने शमी की बराबरी की

मोहम्मद सिराज ने ट्रैविस हेड को आउट कर IPL 2026 में पहले ओवर में अपना चौथा विकेट लिया. वे अब इस सीजन पहले ओवर में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में मोहम्मद शमी की बराबरी पर पहुंच गए हैं. इस लिस्ट में राजस्थान रॉयल्स के जोफ्रा आर्चर टॉप पर हैं.
shivendra 
