मऊगंज की बेटी दिव्या तिवारी ने भोपाल में लहराया परचम: 50 प्रतिभागियों को पछाड़कर जीता ‘मिस इंटेलिजेंट 2026’ का खिताब
खूबसूरती नहीं, बुद्धिमत्ता ने दिलाया ताज: दिव्या तिवारी बनीं ‘मिस इंटेलिजेंट ऑफ मध्यप्रदेश 2026’, भोपाल के ताज होटल में मिस एंड मिसेज एमपी सीजन-4 का ग्रैंड फिनाले, 50 प्रतिभागियों के बीच मऊगंज की बेटी ने बिखेरा जलवा
मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।
मऊगंज। जिले की बेटी दिव्या तिवारी ने अपनी प्रतिभा, बुद्धिमत्ता और आत्मविश्वास के दम पर मध्यप्रदेश में मऊगंज का नाम रोशन किया है। भोपाल के ताज होटल में आयोजित मिस एंड मिसेज मध्यप्रदेश सीजन-4 के ग्रैंड फिनाले में दिव्या ने ‘मिस इंटेलिजेंट ऑफ मिस एंड मिसेज मध्यप्रदेश 2026’ का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से मऊगंज जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।
50 प्रतिभागियों के बीच हुआ मुकाबला
जानकारी के अनुसार, इस भव्य समारोह का आयोजन फराह अनवर द्वारा किया गया था। प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 50 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। ग्रैंड फिनाले के दौरान रैंप वॉक, परिचय राउंड और प्रतिभा प्रदर्शन जैसे विभिन्न चरण आयोजित किए गए, जिनमें प्रतिभागियों ने अपनी कला, व्यक्तित्व और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया।
बुद्धिमत्ता और आत्मविश्वास से जीता खिताब
प्रतियोगिता में मऊगंज निवासी कांग्रेस नेत्री अरुणा तिवारी और रामदत्त तिवारी की बेटी दिव्या तिवारी ने अपनी प्रभावशाली संवाद शैली, सकारात्मक सोच और बौद्धिक क्षमता से निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। विचारों की स्पष्टता और आत्मविश्वास के दम पर उन्होंने अन्य प्रतिभागियों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई और ‘मिस इंटेलिजेंट 2026’ का खिताब हासिल किया।
युवतियों के लिए बनीं प्रेरणा दिव्या तिवारी
दिव्या की यह उपलब्धि बताती है कि सौंदर्य प्रतियोगिताएं केवल बाहरी आकर्षण तक सीमित नहीं होतीं, बल्कि व्यक्ति की सोच, समझ, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व भी उसकी असली पहचान बनते हैं। उनकी इस सफलता को कड़ी मेहनत, लगन और समर्पण का परिणाम माना जा रहा है।
दिव्या की उपलब्धि से उनके परिवार के साथ-साथ पूरे मऊगंज क्षेत्र में खुशी का माहौल है। क्षेत्रवासियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी सफलता उन युवतियों के लिए भी प्रेरणा है, जो बड़े सपने देखती हैं और उन्हें पूरा करने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं।



