मऊगंज में बिजली विभाग की लापरवाही: 3 साल से खेत में पड़े टूटे खंभे, करंट की चपेट में आने से बकरी की मौत

Mauganj News: मऊगंज के नाउन खुर्द गांव में तीन साल से बिजली के तीन टूटे खंभे खेत में पड़े हैं। जमीन पर बिछी हाई-वोल्टेज केबल में करंट से बकरी की मौत, ग्रामीणों ने कलेक्टर से शिकायत की।

मऊगंज में बिजली विभाग की लापरवाही: 3 साल से खेत में पड़े टूटे खंभे, करंट की चपेट में आने से बकरी की मौत

रिपोर्ट: राजेंद्र पयासी, मऊगंज

Hanumana News: मऊगंज जिले के हनुमना तहसील क्षेत्र के ग्राम नाउन खुर्द में बिजली विभाग की लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। यहां पिछले तीन साल से बिजली के तीन खंभे टूटकर खेत में पड़े हैं। इन खंभों से जुड़ी हाई-वोल्टेज बिजली की केबल जमीन पर बिछी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि केबल में लगातार स्पार्किंग होती रहती है, जिससे खेतों में काम करने वाले किसानों, बच्चों और मवेशियों की जान को खतरा बना हुआ है।

हैरानी की बात यह है कि ग्रामीण इस समस्या को लेकर कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक न तो टूटे हुए खंभे बदले गए और न ही केबल को सुरक्षित तरीके से व्यवस्थित किया गया। इस दौरान हनुमना में तीन जूनियर इंजीनियर (JE) का तबादला भी हो चुका है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।

करंट की चपेट में आने से बकरी की मौत, ग्रामीणों में दहशत

ग्राम नाउन खुर्द निवासी राकेश त्रिपाठी के घर के पीछे खेत में यह खतरनाक स्थिति बनी हुई है। बीते दिनों जमीन पर पड़ी बिजली की केबल में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ। इससे निकली चिंगारी और आग की चपेट में आने से एक बकरी की मौके पर ही मौत हो गई।

इस घटना के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल है। किसानों का कहना है कि खेत में बिजली की तारें पड़ी होने के कारण वे वहां जाने से भी डर रहे हैं। उन्हें आशंका है कि अगर समय रहते केबल नहीं हटाई गई तो किसी दिन कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

तीन साल में तीन JE बदले, लेकिन नहीं बदले बिजली के खंभे

ग्रामीणों के मुताबिक, टूटे हुए बिजली के खंभों और जमीन पर पड़ी केबल को लेकर कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें की गईं। हर बार अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति देखते हैं और जल्द सुधार का आश्वासन देते हैं, लेकिन इसके बाद कोई कार्रवाई नहीं होती।

राकेश त्रिपाठी का कहना है कि वे शिकायत करते-करते थक चुके हैं। तीन साल से खंभे खेत में पड़े हैं। अब करंट की चपेट में आने से बकरी की मौत हो चुकी है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर कल किसी इंसान की जान चली गई तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?

ग्रामीणों ने कलेक्टर से की कार्रवाई की मांग

लगातार बनी इस समस्या से परेशान ग्रामीणों ने मऊगंज कलेक्टर और एमपीईबी के अधीक्षण यंत्री से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। ग्रामीणों ने टूटे हुए खंभों को बदलने, जमीन पर पड़ी बिजली की केबल को सुरक्षित करने और तीन साल से लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

JE बोले- मामला संज्ञान में आया है, ठीक करवाता हूं

इस मामले में हनुमना के वर्तमान जूनियर इंजीनियर रामकिशोर पटेल का जवाब भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है और वे इसे ठीक करवाएंगे।

अब सवाल यह है कि क्या इस बार बिजली विभाग का आश्वासन जमीन पर कार्रवाई में बदलेगा या नाउन खुर्द के ग्रामीणों को किसी बड़े हादसे का इंतजार करना पड़ेगा?