नए साल 2026 की शुरुआत के साथ आम लोगों की जिंदगी से जुड़े कई अहम बदलाव लागू
1 जनवरी 2026 से गैस सिलेंडर, कारों की कीमत, रेलवे टिकट बुकिंग, CNG-PNG के दाम, हवाई यात्रा और केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी से जुड़े नियमों में बदलाव हुआ है। इन बदलावों का सीधा असर घर के बजट से लेकर यात्रा और नौकरीपेशा लोगों की आमदनी तक पड़ेगा। आइए जानते हैं जनवरी 2026 में लागू हुए 6 बड़े बदलावों के बारे में विस्तार से
नए साल 2026 की शुरुआत के साथ आम लोगों की जिंदगी से जुड़े कई अहम बदलाव लागू हो गए हैं। 1 जनवरी 2026 से गैस सिलेंडर, कारों की कीमत, रेलवे टिकट बुकिंग, CNG-PNG के दाम, हवाई यात्रा और केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी से जुड़े नियमों में बदलाव हुआ है। इन बदलावों का सीधा असर घर के बजट से लेकर यात्रा और नौकरीपेशा लोगों की आमदनी तक पड़ेगा। आइए जानते हैं जनवरी 2026 में लागू हुए 6 बड़े बदलावों के बारे में विस्तार से—
1. कॉमर्शियल गैस सिलेंडर हुआ महंगा
आज से 19 किलो वाले कॉमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में 111 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी गई है। राजधानी दिल्ली में अब यह सिलेंडर ₹1691.50 में मिलेगा, जबकि पहले इसकी कीमत ₹1580.50 थी। वहीं मुंबई में इसकी नई कीमत ₹1642.50 हो गई है। इस बढ़ोतरी का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और छोटे कारोबारियों पर पड़ेगा, जिससे खाने-पीने की चीजें महंगी होने की आशंका भी बढ़ गई है। हालांकि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।
2. रेलवे रिजर्वेशन के लिए आधार लिंक अनिवार्य
रेलवे यात्रियों के लिए 12 जनवरी 2026 से नया नियम लागू किया जा रहा है। अब जिन यात्रियों का IRCTC अकाउंट आधार से लिंक नहीं होगा, वे सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक रिजर्व टिकट बुक नहीं कर पाएंगे। यह नियम सिर्फ रिजर्वेशन ओपन होने के पहले दिन यानी यात्रा की तारीख से 60 दिन पहले लागू होगा। रेलवे का कहना है कि इस कदम का मकसद फर्जी अकाउंट्स के जरिए होने वाली टिकट बुकिंग को रोकना और ज्यादा से ज्यादा वास्तविक यात्रियों को टिकट मिलने का मौका देना है।
3. कार खरीदना हुआ महंगा
नए साल में कार खरीदने का सपना देखने वालों को झटका लगा है। हुंडई, MG मोटर, निसान, रेनॉ, मर्सिडीज-बेंज जैसी कई ऑटो कंपनियों ने 1 जनवरी 2026 से गाड़ियों की कीमतें बढ़ा दी हैं। ज्यादातर कंपनियों ने 2 से 3 प्रतिशत तक दाम बढ़ाए हैं। हुंडई ने अपनी पूरी रेंज पर 0.6% तक की बढ़ोतरी की है, जबकि निसान की मैग्नाइट समेत अन्य मॉडल्स 3% तक महंगे हो गए हैं। कंपनियों का कहना है कि इनपुट कॉस्ट, लॉजिस्टिक्स खर्च और करेंसी फ्लक्चुएशन के कारण कीमतें बढ़ानी पड़ी हैं।
4. CNG और घरेलू PNG हुई सस्ती
जहां एक ओर महंगाई बढ़ी है, वहीं CNG और घरेलू PNG इस्तेमाल करने वालों को राहत मिली है। पेट्रोलियम एंड नेचुरल गैस रेगुलेटरी बोर्ड (PNGRB) ने गैस ट्रांसपोर्टेशन चार्ज घटा दिया है। इसके चलते 1 जनवरी 2026 से देश के कई राज्यों में CNG और घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस की कीमतें ₹2 से ₹3 प्रति यूनिट तक कम हो सकती हैं। इससे वाहन चालकों और घरों में PNG इस्तेमाल करने वालों को फायदा मिलेगा।
5. हवाई टिकट हो सकते हैं सस्ते
नए साल पर हवाई यात्रियों के लिए भी अच्छी खबर है। तेल कंपनियों ने एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) के दामों में करीब 7 हजार रुपये प्रति किलोलीटर की कटौती की है। दिल्ली में ATF की कीमत ₹99,676.77 से घटकर ₹92,323.02 प्रति किलोलीटर हो गई है। इससे एयरलाइंस की ऑपरेशनल कॉस्ट घटेगी और आने वाले दिनों में हवाई टिकट सस्ते होने की उम्मीद जताई जा रही है।
6. आठवें वेतन आयोग से सैलरी बढ़ने की उम्मीद
केंद्र सरकार ने 8वें वेतन आयोग के गठन का ऐलान कर दिया है। हालांकि इसकी आधिकारिक टाइमलाइन जारी नहीं की गई है, लेकिन माना जा रहा है कि इसे जनवरी 2026 से लागू किया जा सकता है। इस आयोग के लागू होने से केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी, पेंशन और भत्तों में बड़ा इजाफा हो सकता है। उदाहरण के तौर पर, अगर किसी कर्मचारी की मौजूदा बेसिक सैलरी 35,400 रुपये है, तो 7वें वेतन आयोग के तहत कुल सैलरी करीब 65,500 रुपये बनती है, जो 8वें वेतन आयोग के बाद 1 लाख 10 हजार रुपये से ज्यादा हो सकती है।

