गर्भ में तीन दिन से मृत बच्चा: प्रसूता को नहीं मिल रही मदद, जिला अस्पताल पर परिजनों का आरोप

Satna News : सतना जिला अस्पताल में गर्भ में बच्चे की मौत के तीन दिन बाद भी महिला को प्रसव के लिए भटकना पड़ रहा है। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में इलाज कराने के बजाय उन्हें निजी नर्सिंग होम जाने की सलाह दी जा रही है।

गर्भ में तीन दिन से मृत बच्चा: प्रसूता को नहीं मिल रही मदद, जिला अस्पताल पर परिजनों का आरोप

Satna News : सतना जिला अस्पताल से प्रसूता की जान के साथ खिलवाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। गर्भ में बच्चे की मौत के तीन दिन बाद भी महिला को प्रसव के लिए भटकना पड़ रहा है। वार्ड नंबर 18 में भर्ती प्रसूता और उसके परिजन मदद की गुहार लगा रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में इलाज कराने के बजाय उन्हें निजी नर्सिंग होम जाने की सलाह दी जा रही है। ऐसे में आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के सामने प्रसूता की जान बचाने और निजी अस्पताल के खर्च का दोहरा संकट खड़ा हो गया है।

जानकारी के अनुसार, जैतवारा थाना क्षेत्र के खुटहा मरवा निवासी अंशू कोल अपनी पत्नी और प्रसूता सरमन कोल को परिजनों के साथ 20 सितंबर की रात सतना जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। यह उनका पहला बच्चा था। इससे पहले जैतवारा में महिला की जांच कराई गई थी, जहां चिकित्सकों ने बच्चे की धड़कन कम चलने की बात कही थी। इसके बाद परिजन महिला को सतना जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।

बच्चे की गर्भ में ही मौत

जिला अस्पताल में जांच के बाद परिजनों को बच्चे की गर्भ में ही मौत होने की जानकारी दी गई। इसके बाद से महिला अस्पताल के वार्ड नंबर 18 में भर्ती है। परिजनों का कहना है कि पिछले करीब तीन दिनों से वे प्रसव कराने के लिए अस्पताल में भटक रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

निजी नर्सिंग होम जाने का दबाव

महिला के परिजनों का कहना है कि वे आर्थिक रूप से कमजोर हैं और निजी अस्पताल का खर्च उठाने की स्थिति में नहीं हैं। इसके बावजूद उन्हें कथित तौर पर निजी नर्सिंग होम जाने की बात कही जा रही है। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन से महिला का समुचित उपचार कराकर सुरक्षित तरीके से प्रसव कराने की मांग की है।

मामले ने जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं और मरीजों के प्रति संवेदनशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि प्रसूता का इलाज किया जा रहा है और उसकी लगातार निगरानी की जा रही है।