रीवा: नीट पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन, NSUI ने की CBI जांच की मांग

रीवा में नीट पेपर लीक मामले को लेकर NSUI का बड़ा प्रदर्शन, पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को वाटर कैनन से रोका

रीवा: नीट पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन, NSUI ने की CBI जांच की मांग

रीवा में मंगलवार को नीट पेपर लीक मामले को लेकर बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला। NSUI कार्यकर्ता डिप्टी सीएम के आवास का घेराव करने के लिए बड़ी संख्या में एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारी हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर रीवा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे थे। उनका आरोप था कि नीट परीक्षा में हुई गड़बड़ियों और पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो।कार्यकर्ताओं को वाटर कैनन से खदेड़ा

पुलिस ने वाटर कैनन से कार्यकर्ताओं को रोका

जैसे ही भीड़ निर्धारित रूट से आगे बढ़ी, मौके पर तैनात पुलिस बल ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। स्थिति नहीं संभलने पर पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, जिससे भीड़ को तितर-बितर कर दिया गया। पानी की तेज बौछार के कारण कई कार्यकर्ता सड़क पर ही बैठकर विरोध जताने लगे।

कुछ देर के लिए मौके पर तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ। बाद में पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाकर स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में लिया और इलाके को खाली कराया।

CBI जांच नहीं होने तक जारी रहेगा आंदोलन

NSUI जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने आरोप लगाया कि हम शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन करने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने हमें घायल कर दिया। हमारे कई साथी चोटिल हुए हैं। NSUI नेताओं का कहना है कि जब तक नीट पेपर लीक मामले की सीबीआई जांच नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

वहीं पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमानुसार कार्रवाई की गई है। फिलहाल रीवा में स्थिति सामान्य बताई जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।