Asian Games-2026: देवास के जय मीणा ने सॉफ्ट टेनिस में भारत को दिलाया पहला एशियन गेम्स पदक
Asian Games-2026 : देवास के जय मीणा ने एशियाई खेलों के सॉफ्ट टेनिस मुकाबले में कांस्य पदक जीता है। जय को PMO ने भी बधाई दी है।
Asian Games-2026 : देवास। मध्य प्रदेश के देवास के रहने वाले जय मीणा ने एशियन गेम्स 2026 में सॉफ्ट टेनिस में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। जय सॉफ्ट टेनिस में एशियन गेम्स पदक जीतने वाले भारत के पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
जय की इस ऐतिहासिक जीत के बाद देवास स्थित उनके घर में जश्न का माहौल है। परिवार के मुताबिक, मुकाबले से पहले जय की मां संजना मीणा ने रात करीब 3 बजे बेटे की सफलता के लिए पूजा की थी। सुबह करीब 4 बजे जय ने मां को फोन कर कहा था कि वह जीतकर आएंगे।
बेटे की जीत के लिए मां ने की पूजा
जय की मां संजना मीणा ने बताया कि पूरा परिवार उनका मुकाबला देख रहा था। जैसे ही जय ने कांस्य पदक पक्का किया, परिवार की आंखों में खुशी के आंसू आ गए। संजना ने बताया कि जय हर बड़े मुकाबले से पहले परिवार को फोन करते हैं। इस बार भी परिवार उनके फोन का इंतजार कर रहा था। पदक जीतने के बाद जापान से जय का फोन आया तो मां भावुक हो गईं। इस दौरान उन्हें बेटे के करीब 16 साल के संघर्ष की याद आ गई।
सेमीफाइनल में जापान के खिलाड़ी से हारे जय
जय ने क्वार्टरफाइनल में फिलीपींस के शेरविन नुगुइट को 4-3 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। इस जीत के साथ ही भारत का सॉफ्ट टेनिस में एशियन गेम्स का पहला पदक पक्का हो गया था।
सेमीफाइनल में जय का सामना मेजबान जापान के ताकुया कुरोसाका से हुआ। मुकाबले में जय को 2-4 से हार मिली। इसके साथ उनका फाइनल में पहुंचने का सफर खत्म हुआ, लेकिन सेमीफाइनल तक पहुंचने के कारण कांस्य पदक उनके नाम हो गया।
16 साल से कर रहे सॉफ्ट टेनिस की तैयारी
जय मीणा करीब 16 साल से सॉफ्ट टेनिस में मेहनत कर रहे हैं। उनकी शुरुआत भी काफी दिलचस्प रही। देवास के पायोनियर पब्लिक स्कूल में पढ़ाई के दौरान उन्होंने पहली बार सॉफ्ट टेनिस का कोर्ट देखा। शुरुआत में वह केवल खिलाड़ियों को खेलते देखते थे और बाद में बॉल बॉय के तौर पर कोर्ट पर रहने लगे।
जय का सपना पहले क्रिकेटर बनने का था, लेकिन धीरे-धीरे सॉफ्ट टेनिस में उनकी रुचि बढ़ती गई। इसके बाद उन्होंने इसी खेल को अपना करियर बना लिया।
जय इससे पहले 2018 और 2022 के एशियन गेम्स में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। 2024 में वर्ल्ड सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप में उन्होंने आद्या तिवारी के साथ मिक्स्ड डबल्स में कांस्य पदक जीता था।
PMO ने दी जय मीणा को बधाई
जय की ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें बधाई दी है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि जय सॉफ्ट टेनिस में भारत के पहले एशियन गेम्स पदक विजेता बने हैं और उनकी उपलब्धि भारतीय सॉफ्ट टेनिस के लिए एक नया अध्याय है। PMO ने उम्मीद जताई कि जय की यह उपलब्धि देश के और युवाओं को सॉफ्ट टेनिस अपनाने और इस खेल में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी।
A historic achievement for Indian Soft Tennis!
— PMO India (@PMOIndia) September 23, 2026
Congratulations to Jay Meena on winning Bronze in the Men’s Individual event and becoming India’s first-ever Asian Games medallist in Soft Tennis. His achievement marks a memorable new chapter for the sport in India.
May this medal… pic.twitter.com/UMrKAyLrnY
जय के कोच सुदेश सांगते भी जापान में उनके साथ मौजूद हैं। उन्होंने जय की इस उपलब्धि को देवास के साथ-साथ पूरे देश के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।

