ईरान-अमेरिका समझौते की उम्मीद से शेयर बाजार में जबरदस्त उछाल, सेंसेक्स 1200 अंक चढ़ा
कच्चा तेल सस्ता होते ही बाजार में खरीदारी की बहार, ऑटो और बैंकिंग शेयरों ने लगाई दौड़
भारतीय शेयर बाजार में सोमवार, 15 जून 2026 को जोरदार तेजी देखने को मिली। ईरान और अमेरिका के बीच संभावित शांति समझौते की खबरों ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया, जिससे बाजार में खरीदारी का माहौल बना। कारोबार के दौरान बीएसई सेंसेक्स करीब 1200 अंकों की छलांग लगाकर 76,700 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 350 अंकों की बढ़त के साथ 23,985 के करीब कारोबार करता नजर आया।
ऑटो और बैंकिंग शेयर्स में ज्यादा खरीदारी
बाजार में सबसे ज्यादा खरीदारी ऑटो, बैंकिंग और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में देखने को मिली। निवेशकों का मानना है कि यदि मध्य पूर्व में तनाव कम होता है तो वैश्विक अर्थव्यवस्था को राहत मिलेगी, जिसका सकारात्मक असर भारतीय बाजार पर भी पड़ेगा।
कच्चे तेल के दाम में आज 4% की गिरावट
इस तेजी की एक बड़ी वजह कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट भी रही। होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोले जाने की खबरों के बाद ब्रेंट क्रूड की कीमत में लगभग 4 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और यह 83 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंच गया। भारत दुनिया के सबसे बड़े तेल आयातकों में शामिल है, इसलिए तेल की कीमतों में कमी को देश की अर्थव्यवस्था और शेयर बाजार के लिए सकारात्मक माना जाता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, सस्ते कच्चे तेल से महंगाई पर दबाव कम हो सकता है और कंपनियों की लागत घट सकती है, जिससे कई सेक्टरों को फायदा मिलेगा। यही कारण है कि निवेशकों ने बैंकिंग और ऑटो शेयरों में जमकर खरीदारी की।
शुक्रवार को बाजार में मजबूती देखने को मिली थी
इससे पहले शुक्रवार को भी बाजार में मजबूती देखने को मिली थी। उस दिन सेंसेक्स 1,695 अंक की बढ़त के साथ 75,527 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 461 अंक चढ़कर 23,622 के स्तर पर पहुंच गया था।
Varsha Shrivastava 
