चटपटा खाने का मन है? शाम के स्नैक में बनाएं क्रिस्पी छोले टिक्की

जब भी कुछ चटपटा खाने का मन करे तो बाहर का जंक फूड खाने की बजाय घर पर बनाएं स्वादिष्ट टिक्की छोले। ये जल्दी बन जाते हैं और आपकी शाम की क्रेविंग को टेस्टी और बेहतर तरीके से पूरा करते हैं।

चटपटा खाने का मन है? शाम के स्नैक में बनाएं क्रिस्पी छोले टिक्की
google

दिन भर आप कितना ही सादा खाना खा लो, लेकिन शाम को कुछ न कुछ चटपटा खाने का मन करता ही है। लेकिन चटपटा खाने के चक्कर में कुछ लोग बाहर का जंक फूड खाने लगते हैं। रोज-रोज जंक फूड आपकी सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है। ऐसे में चलिए आपको घर पर ही चटपटा और चटाकेदार टिक्की छोले बनाना सिखाते हैं।

टिक्की छोले बनाने के लिए काबुली चने 250 ग्राम, हींग 1/4 छोटा चम्मच, काला नमक 1 छोटा चम्मच, तीखी लाल मिर्च पाउडर 2 छोटे चम्मच, बड़ी इलायची 1, तेज पत्ता 2, लौंग 4-5 नग, बेकिंग सोडा एक बड़ा चुटकी, पानी जरूरत के अनुसार, हरी मिर्च 2, अदरक 2, नमक एक चुटकी, घी 2 बड़े चम्मच, जीरा एक बड़ा चुटकी, पीली मिर्च पाउडर 2 छोटे चम्मच, धनिया पाउडर 1 बड़ा चम्मच, गरम मसाला 1 छोटा चम्मच, इमली का गोला, अदरक 1 इंच, भुनी कसूरी मेथी पाउडर एक बड़ा चुटकी, हरा धनिया एक मुट्ठी इकट्ठा कर लें।

आलू टिक्की बनाने के लिए आलू 7-8, कॉर्न फ्लोर 3-4 बड़े चम्मच, घी 3 बड़े चम्मच।

चलिए अब जानते हैं कि आप इसे बना कैसे सकते हैं?

सबसे पहले छोले को धो लें और रात भर पानी में भिगोकर रख दें। अगले दिन कुकर में नमक, साबुत मसाले, बेकिंग सोडा, छोले और पानी डालकर पका लें। अब एक कड़ाही में घी डालें और गर्म होने दें। अब इसमें जीरा, हींग और अदरक-मिर्च का पेस्ट डालें और तेज आंच पर एक मिनट तक पकाएं। अब इसमें पके हुए छोले डालें, फिर सारे पिसे मसाले डालें। ऊपर से इमली का पानी डालकर 7-8 मिनट तक पकाएं। मिलाते समय कुछ छोलों को मैश कर लें, इससे छोले गाढ़े हो जाएंगे।

अब उबले हुए आलू को स्मैश करके नमक और कॉर्न फ्लोर मिलाकर डो तैयार कर लें और इसे टिक्की का आकार दे दें। टिक्की बनाने के बाद इस पर ऊपर से कॉर्न फ्लोर की हल्की कोटिंग कर लें। टिक्कियों को पैन में तेल डालकर तेज आंच पर पकाएं, जब तक टिक्की क्रिस्पी नहीं हो जाती।

अब एक प्लेट में पहले टिक्की रखें, फिर ऊपर से छोले डालें। छोले के ऊपर हरी धनिया की चटनी, इमली का रस, चाट मसाला और अगर मन करे तो दही डालकर सर्व करें। बन गई आपकी चटपटी छोले टिक्की।