कलेक्ट्रेट घेराव में पुलिस वाहनों में तोड़फोड़, कई प्रदर्शनकारियों पर केस दर्ज
सतना में नीट विरोध प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट घेराव में पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।
सतना। नीट पेपर लीक और दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में शुक्रवार को एनएसयूआई और कांग्रेस के नेतृत्व में हुए कलेक्ट्रेट घेराव के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रदर्शन के दौरान सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ और हंगामा करने के आरोप में कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कुछ प्रदर्शनकारी सीएसपी डीपी सिंह चौहान और सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रवीन्द्र द्विवेदी के सरकारी वाहनों पर चढ़ गए और उनमें तोड़फोड़ की। घटना के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी।
जांच के दौरान पुलिस ने धरना-प्रदर्शन से जुड़े फोटो और वीडियो खंगाले, जिनके आधार पर उपद्रव करने वालों की पहचान की गई। प्रारंभिक जांच में अनश खान, रूपेश गुप्ता, किस्सू कुशवाहा और कुसाग्र खरे समेत अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है।
गौरतलब है कि शुक्रवार को कलेक्ट्रेट घेराव के दौरान प्रदर्शन उग्र हो गया था। इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस के सरकारी वाहनों पर चढ़कर नारेबाजी की और वाहनों को नुकसान पहुंचाया। घटना के वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Anubhav Dubey 
